
शाहबाज की हत्या के आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर शव रखकर लगाया जाम – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – थाना क्वार्सी क्षेत्र के निशात बाग इलाके में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में शनिवार को शव कब्रिस्तान में ले जाने के दौरान परिजन व अन्य लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने जीवनगढ़ पुलिया पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शन किया। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर हटा दिया। आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा। टीमें लगी हुई हैं।निशात बाग निवासी 18 वर्षीय शहबाज टाइल्स लगाने का काम करता था। इसके पिता सलीम लेंटर लगाने के कारीगर हैं। स्वजन के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर को निशात खाना खाने के बाद कुछ सामान लेने के लिए जा रहा था। घर के बाहर वह अपनी बाइक स्टार्ट कर रहा था, तभी स्प्लेंडर बाइक पर दो लोग आए। जमालपुर निवासी बाइक चालक फुरकान ने शहबाज को पीछे से गोली मार दी। इसके बाद एक हवाई फायर भी किया और फरार हो गए। चार भाई बहनों में सबसे छोटे शहबाज को पीठ में गोली लगी। लहूलुहान हालत में उसे आसपास के लोगों ने जवाहर लाल नेहरू(जेएन) मेडिकल कालेज में भर्ती कराया, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक, फुरकान व शहबाज के जीवनगढ़ की एक युवती से संबंध थे। इसी बात को लेकर दोनों में तनातनी रहती थी। इसी विवाद में फुरकान ने शहबाज की गोली मारकर हत्या की है। शहबाज के चचेरे भाई नईम की तहरीर पर फुरकान एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तहरीर में युवती को भी नामजद किया गया है। इस युवती के सहयोग की बात बताई गई है। इंस्पेक्टर क्वार्सी विजय सिंह ने बताया कि आरोपित की तलाश में टीमें लगी हुई हैं। लोगों ने शव रखकर जाम लगाया था। उन्हें समझाकर हटा दिया गया है।