
शराब पिलाने वाले चार युवकों पर परिजनों का शक
एटा – एटा। नगला पवल निवासी युवक का शव शुक्रवार को गांव के ही एक खेत में दबा हुआ मिला था। शनिवार को चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम हाउस पर परिजन ने गांव के ही चार युवकों पर आरोप लगाए। बोले कि उन्होंने पहले शराब पिलाई, बाद में युवक की हत्या कर शव दबा दिया। पुलिस पर आरोप लगाए कि आरोपियों को पकड़ने के बाद छोड़ दिया गया।
पोस्टमार्टम हाउस पर आशा देवी ने कहा कि भाई गौरव को कॉल कर 4 फरवरी को दिल्ली से बुलाया गया था। शाम को घर पहुंचा, कुछ समय रुकने के बाद किसी की कॉल आने पर बात करता हुआ घर से चला गया। उन्होंने कहा कि गांव के चार युवकों के साथ उसने शराब पी। उन्हीं लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा। उन्होंने ही भाई की हत्या की है। बताया कि जब भाई नहीं मिला तो पुलिस से शिकायत की। पुलिस चारों आरोपियों को थाने लाई थी। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया। कोतवाली देहात प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि गुमशुदगी के मामले को हत्या में तरमीम कर दिया गया हैै। चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। वीडियोग्राफी भी कराई गई। इसके बाद शव को परिजन को सौंप दिया गया। तहरीर मिलती है तो नामजद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।