मतदान केंद्र से दूर ग्रामीणों के बीच फायरिग, चार हिरासत में
थाना जैथरा के गांव सुकटीखेड़ा और जवाहरनगर के ग्रामीणों के बीच का मामला
एटा : अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के थाना जैथरा के गांव सुकटीखेड़ा और जवाहरनगर के ग्रामीणों के बीच मतदान केंद्र से एक किलोमीटर दूर फायरिग हुई। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दोनों गांवों के ग्रामीण राजनीतिक दलों के समर्थक बताए जा रहे हैं। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में ले लिया है।

जैथरा थाना क्षेत्र के गांव लंगुटिया के पास पहले से मौजूद कुछ ग्रामीणों और वोट डालकर जा रहे ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। दोनों पक्षों के ग्रामीण भिड़ गए और फायरिग होने लगी। यह लोग गांव सुकटीखेड़ा और गांव जवाहरनगर के बताए गए हैं। फायरिग के दौरान अफरा-तफरी मच गई, लेकिन गनीमत यह रही कि घटना स्थल जवाहरनगर मतदान केंद्र से एक किलोमीटर दूर है। सूचना मिलते ही तत्काल ही खासी तादात में पुलिस फोर्स पहुंच गया और ग्रामीणों को खदेड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने इलाके में सर्च आपरेशन चलाया, चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। गांवों में फायरिग करने वालों की तलाश की जा रही है और दविशों का सिलसिला जारी है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर पुलिस के पास नहीं पहुंची है। सीओ अलीगंज राजकुमार ने बताया कि मतदान केंद्र से दूर फायरिग की घटना हुई है, चार लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। वारदात को अंजाम देने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। फर्जी वोटिग की सूचना पर दौड़ी पुलिस, कई पकड़े: जनपद में चार विधानसभा सीटों के लिए हुए मतदान के दौरान कई मतदान केंद्रों पर फर्जी वोट डालने और मतदाताओं में नोकझोंक होने की सूचना पर पुलिस दौड़ती रही। पुलिस ने कई लोगों को पकड़ लिया। मतदान के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।