
उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण के मतदान के लिए सोमवार को सहारनपुर, मुरादाबाद और बरेली मंडलों की 55 सीटों पर वोट डाले गये । साल 2017 के विधानसभा चुनाव में इन 55 में से 38 सीटें बीजेपी ने जीती थीं। हालांकि पिछले लोकसभा चुनाव में यहां की 11 में से सात लोकसभा सीटें विपक्ष ने जीत ली थीं। इन सीटों पर पिछले चुनाव में कांग्रेस ने सिर्फ 15 पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। कांग्रेस का पिछली बार समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन था। कांग्रेस के 15 में से सिर्फ 2 उम्मीदवार ही जीत पाए थे। इस बार कांग्रेस ने दूसरे चरण की 55 विधानसभा सीटों में 2017 के सिर्फ एक उम्मीदवार को फिर से टिकट दी है। ये टिकट रामपुर जिले की बिलासपुर सीट से संजय कपूर को मिली है, हालांकि वो पिछले चुनाव में हार गए थे।
दूसरे चरण में 54 सीटों पर भाजपा और एक सीट पर अपना दल (सोनेलाल) के उम्मीदवार मैदान में है। खास बात ये है कि अपना दल (सोनेलाल) ने मुस्लिम उम्मीदवार को उतारा है।
सहारनपुर मंडल के दो जिलों मुजफ्फरनगर और शामली में पहले चरण के दौरान 10 फरवरी को मतदान हो चुका है। 14 फरवरी को सहारनपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, अमोरोहा, संभल, रामपुर, बदायूं, बरेली और शाहजहांपुर जिलों में वोट डाले गये है।
हम कई दिनों से यूपी में डेरा डाले रहे । पिछले दिनों बरेली शहर में योगी आदित्यनाथ का संपर्क अभियान का दिन, मैने विभिन्न क्षेत्रों के लगभग 27 जनों से बात की। इनमें से 9 जनों को छोड़ दिया जाए तो सभी ने डाॅ अरूण कुमार का समर्थन किया और कहा कि डाॅ साहब जैसे सज्जन जनप्रतिनिधि दूसरा नही और सबसे बड़ी बात यह कि इन पर कोई भी आरोप नही है। दूसरे कई मुस्लिम भी भाजपा प्रत्याशी का समर्थन कर रहे थे । पांच दिन लगातार बरेली में रहा, लगभग 227 जनों से अलग-अलग बात की, लगभग 90 प्रतिशत डाॅ. साहब के पक्ष में थे । माना यह जा रहा है कि बरेली में तीसरी बार भी भाजपा प्रत्याशी डाॅ अरूण कुमार का पिछले बार से भी ज्यादा मतों से जीतना तय है।
उत्तरप्रदेश की चर्चित रामपुर सीट पर भी दो दिन लगातार जाना हुआ । पनवडि़या नाम के क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी एडवोकेट आकाश सक्सेना की सभा थी, मैं अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंच गया । देखा आकाश बोल रहे थे और लोग उनके हर कहे पर जोश से तालियां बजा रहे थे , युवाओं में गजब का जोश था। पहले तो पीछे खड़े कई लोगों से बात की तो आकाश के प्रति उनका समर्थन देखते ही बन रहा था । क्षेत्र के कुछ लोग, जो उस सभा में नही थे उनके यहां जा कर बात की तो उनका यह कहना कि हम तो आकाश को ही वोट देंगे। वहीं मुस्लिम बहुल इलाके में कई लोग सपा प्रत्याशी का भी समर्थन कर रहे थे । सच तो यह है कि रामपुर में निर्णायक वोट मुस्लिमों के ही है। इसके बाद भी भाजपा प्रत्याशी का मुस्लिमों में प्रभाव देखते ही बन रहा था। उनके समर्थक आकाश की जीत तय मानकर चल रहे है।
सपा नेता आजम खान खुद रामपुर सीट से नौ बार चुनाव जीत चुके हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि रामपुर से आज तक भाजपा नही जीत पाई । पिछली बार भी आजम खान ने भाजपा के शिव बहादुर सक्सेना को हराया था और अब शिव बहादुर सक्सेना के पुत्र आकाश सक्सेना को बीजेपी प्रत्याशी बनाया गया है जिन्होने आजम खान के खिलाफ कई मुकदमें दर्ज करवा रखे है। कांग्रेस ने यहां नवाब खानदान के काजिम अली खान को टिकट दिया है जबकि बसपा से सदाकत हुसैन मैदान में हैं।
दूसरे चरण में कई सीटों पर रोमांचक मुकाबले हैं और कई सियासी धुरंधरों की साख दांव पर लगी हुई है। इस चरण में शामिल जिलों में मुसलमानों की अच्छी खासी आबादी है और कई सीटों से मुसलमान उम्मीदवार आसानी से जीतते रहे हैं। इसके बाद भी यहां के लोगो का मानना यह है कि उत्तरप्रदेश में सरकार तो भाजपा की ही बनेगी , अब 10 मार्च को देखते है कि मतदाताओं ने क्या तय किया हुआ है।
….