
रेलवे ट्रैक पर सेल्फी ले रहे युवक की ट्रेन की चपेट में आकर मौत – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – बन्नादेवी थाना क्षेत्र के बरौला फाटक के पास रविवार को रेलवे ट्रैक पर सेल्फी ले रहे युवक की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। वह घर से बाइक लेकर अलीगढ़ के लिए निकला था। हादसा देख राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस के अनुसार लोधा थाना क्षेत्र के गांव नेहरा निवासी तनुज 20 वर्ष पुत्र दयाराम एक फैक्ट्री में नौकरी करता था। परिवार में पत्नी व एक बेटा है। रविवार की शाम वह बरौला फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर मोबाइल से सेल्फी ले रहा है। तभी अचानक ट्रेन आ गई। ट्रेन की चपेट में आकर तनुज के चीथड़े उड़ गए। ट्रेन गुजरते ही ट्रैक पर शव पड़ा देख राहगीर दौड़ पड़े। देखते ही देखते राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुच गई। पुलिस ने शव के पास मिले मोबाइल के आधार पर संपर्क किया तो परिजन आ गए। परिजनों ने शव की शिनाख्त तनुज निवासी लोधा के गांव नेहरा के रूप में कर ली। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों के अनुसार बीते दिनों पिता की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। घर की जिम्मेदारी तनुज के ऊपर ही थी। जैसे ही परिवार में मौत की खबर पहुंची तो परिजनों के होश उड़ गए। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।