
पत्रकार एकादश ने प्रशासन को सात विकेट से मैच हराया
अलीगढ़ – खेल नुमाइश के तहत महुआखेड़ा स्थित क्रिकेट मैदान पर प्रशासन एकादश व पत्रकार एकादश टीमों के बीच टी-20 क्रिकेट मुकाबला खेला गया। इसमें पत्रकार एकादश की टीम ने प्रशासन एकादश टीम को सात विकेट से हराकर विजेता ट्राफी कब्जाई। दोनों ही टीमों ने बल्लेबाजी व गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन किया लेकिन, कप्तान सुरजीत पुंढीर की अगुवाई में पत्रकार एकादश की टीम विपक्षियों पर भारी पड़ी। बतौर मुख्य अतिथि नगर आयुक्त गौरांग राठी ने पत्रकार एकादश टीम को विजेता ट्राफी देकर पुरस्कृत किया। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। टास जीतकर प्रशासन एकादश के कप्तान शुभम पटेल ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। रात की ओस से भरी पिच का मिजाज भांपने में वे चूक कर गए। जिसका फायदा पत्रकार एकादश की टीम ने जमकर उठाया। प्रशासन टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 160 रन बनाए। इसमें अनिरुद्ध चौधरी ने 46 व शुभम पटेल ने 16 रन का योगदान दिया। नगर आयुक्त गौरांग राठी ने 15 रन बनाए। अन्य कोई बल्लेबाज दहाई का अंक नहीं पार कर सका। पत्रकार एकादश की ओर से लालू ने चार ओवर में 34 रन देकर दो विकेट लिए। गोपाल ने चार ओवर में 18 रन देकर एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार एकादश टीम ने दमदार शुरुआत कर मैच को एकतरफा बना दिया। टीम ने 16 ओवर में मात्र तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल करते हुए सात विकेट से जीत दर्ज की। इसमें बबलू ने 103 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। शंकर ने 27 रन बनाए। कप्तान सुरजीत ने 12 रन बनाए। गोपाल चार रन बनाकर व इकराम बिना रन बनाए नाबाद लौटे। मैन आफ द मैच शतकवीर बबलू को चुना गया। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का खिताब अनिरुद्ध चौधरी और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब लालू को मिला। इस दौरान एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत, सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप वर्मा, सहायक निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार, अर्जुन सिंह फकीरा, जिया अहमद खान व मसूद उज जफर अमीनी आदि मौजूद रहे।