
यूपी (मेरठ) : केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान का विरोध, आरएलडी समर्थकों ने सकौती गांव के रास्ते में वाहन खड़े कर घुसने से रोका, लगाए जयंत जिंदाबाद के नारे
मेरठ में बुधवार को केंद्रीय मंत्री और मुजफ्फनगर के सांसद संजीव बालियान को विरोध का सामना करना पड़ा। केंद्रीय मंत्री बालियान दिल्ली हरिद्वार हाईवे स्थित जाट बाहुल्य गांव सकौती में पहुंचे थे। जैसे ही वह गांव के पंचायत घर पहुंचे, तभी आरएलडी समर्थकों ने बीच रास्ते पर अपने वाहनों को लगा दिया। आरएलडी समर्थकों ने जयंत चौधरी जिंदाबाद के नारे लगाए। वीडियो में भी बलियान का जोरदार विरोध साफ दिख रहा है।
मुजफ्फरनगर के रहने वाले संजीव बालियान पिछले दो बार से मुजफ्फरनगर लोकसभा से सांसद हैं। वह मौजूद समय में केंद्र सरकार में राज्यमंत्री हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में संजीव बालियान ने रालोद के तत्कालीन मुखिया और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह को हराया था। वेस्ट यूपी के जाट बाहुल्य इलाकों में संजीव बालियान जाटों को साधने के लिए निकले थे। यह क्षेत्र संजीव बालियान की लोकसभा में आता है।
बताया गया है कि बालियान को बुधवार को दौराला के जाट महासभा के कार्यक्रम में जाना था। मुजफ्फरनगर से आते हुए संजीव बालियान हाइवे से सटे सकौती गांव में पंचायत घर में पहुंचे। बालियान के काफिले में भी भीड़ थी। संजीव बालियान जब सकौती गांव के भीतर पंचायत घर में पहुंचे तो बालियान के खिलाफ लोकदल समर्थकों ने नारे लगाने शुरू कर दिए और कहा कि किसान एकता जिंदाबाद, जयंत चौधरी जिंदाबाद।
भाजपा नेताओं में वेस्ट यूपी में विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। विधायक से लेकर भाजपा प्रत्याशी, मंत्रियों को विरोध का सामना करना पड़ रहा है। मेरठ में इससे पहले जाट बाहुल्य इलाके छुर्र में भाजपा प्रत्याशी मनिंदरपाल की गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी थी। करनावल में भी भाजपा प्रत्याशी को विरोध का सामना करना पड़ा। दौराला में भाजपा के सरधना विधायक संगीत सोम के काफिले को भी विरोध का सामना करना पड़ा था। अब केंद्रीय मंत्री को अपनी ही जाट बिरादरी के गांव में विरोध झेलना पड़ा। जो हालत वहां बनी थी। वहां भाजपा और आरएलडी समर्थकों में टकराव भी हो सकता था।