सरकारी योजनाओं की रकम लेने के लिए लाभार्थियों को अब बैंक तक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। प्रशासन ने इसके लिए व्यवस्था कराई है। डाकिये जल्द माइक्रो एटीएम की मदद से लाभार्थी के घर पहुंचकर उनको रकम देंगे। जल्द यह व्यवस्था शुरू हो जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी मृदुल चौधरी ने शासन से मिले निर्देश पर कोरोना वायरस के दृष्टिगत लोगों की सहूलियत के लिए डाकियों को माइक्रो एटीएम देकर इसकी सहायता से सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को रकम देने के लिए डोर टू डोर जाएंगे। पहले योजनाओं के लाभार्थी बैंक में पहुंचकर रकम निकाल लेते थे लेकिन, लॉकडाउन के चलते शासन प्रशासन ने लाभार्थियों को घरों पर ही रकम पहुंचाने की व्यवस्था बनाई है। सीडीओ ने इसकी शुरुआत के लिए डीपीआरओ राजेश कुमार सिंह को हेड पोस्ट आफिस में समन्वय करके ग्राम स्तर के मामलों का निस्तारण करवाने को कहा है। डीपीआरओ ने बताया कि इस व्यवस्था में लाभार्थियों को रुपये लेने के समय आधार और थम इंप्रेशन देना होगा, इसके बाद ही रकम मिल पाएगा । इस व्यस्था से लाभार्थियों को बैंक तक नहीं जाना पड़ेगा,घर पर योजना की रकम पहुंच जाएगी।