
दि बार एसोसिएशन के चुनाव में 96 फीसद मतदान – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – दि सिविल बार एसोसिएशन के आठ पदों के लिए कलक्ट्रेट परिसर कार्यालय में शांतिपूर्ण तरीके से कल रिकार्ड मतदान हुआ। कुल मतदाताओं में से 96 फीसद ने वोट डाला। वहीं देर शाम मतपेटिकाओं को सील कर दिया गया। सुरक्षा के लिहाज से यहां पुलिस तैनात की गई थी। आज मतों की गिनती होगी। देर शाम तक नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। दि अलीगढ़ बार एसोसिएशन के चुनाव के महासचिव संजय पाठक ने बताया कि कलक्ट्रेट परिसर कार्यालय में सुबह साढ़े आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। दीवानी कचहरी से आकर अधिवक्ताओं ने वोट डाले। 2099 पंजीकृत अधिवक्ताओं में से 2032 अधिवक्ताओं ने मत का इस्तेमाल किया। संजय पाठक ने बताया कि गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे से मतों की गिनती शुरू होगी। 50-50 के बक्सों की करीब 41 राउंड में गिनती होगी। ऐसे में शाम तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। इस बार अध्यक्ष पद पर संतोष कुमार वशिष्ठ, रनवीर सिंह, जगदीश सारस्वत, कैलाश बाबू गुप्ता व चौधरी लक्ष्मण सिंह मैदान में हैं। जबकि महासचिव पद पर उमेश कुमार सिंह, देवेंद्र पाल सिंह, अनूप कौशिक व हरेंद्र सिंह चौहान दावेदार हैं। इसी तरह वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर संजीव कुमार शर्मा, जवाहर लाल व संजय कुमार सहगल, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर चेतन कुमार सिंह व हरिओम शर्मा, कोषाध्यक्ष पद पर प्रमोद गौड़, प्रियदर्शन शर्मा व कौशल कुमार उम्मीदवार हैं। इनके अलावा संयुक्त सचिव प्रशासन पद पर देव प्रकाश, गिरीश गौड़ व चौधरी तेजवीर सिंह, संयुक्त सचिव प्रकाशन पद पर रामवीर सिंह, अनमोल पाराशर व मनोज कुमार, संयुक्त सचिव पुस्तकालय पद पर लक्ष्मी यादव व राजकुमार शर्मा प्रत्याशी हैं। इस बार शिशुपाल सिंह यादव को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। मतदान के दौरान कलक्ट्रेट परिसर में पूरे दिन गहमागहमी रही।