
नाइजीरिया बंदी की जेएन मेडिकल कालेज में बीमारी से मौत- रिपोर्ट शुभम
अलीगढ़ – जिला कारागार में एक साल से बंद चले आ रहे नाइजीरिया बंदी की कल जेएन मेडिकल कालेज में बीमारी के चलते मौत हो गई। लंबे समय से उसका उपचार चल रहा था।सिविल लाइंस थाने की पुलिस ने उसे धोखाधड़ी, धौंस जमाने, आइटी एक्ट व विदेशी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इस मामले में जेल प्रशासन ने उच्चाधिकारियों के साथ विदेशी दूतावास को जानकारी दे दी है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक विपिन मिश्रा ने बताया कि सिविल लाइंस पुलिस ने आठ दिसबंर 2020 को 35 वर्षीय जोआ पुत्र फुलगेस निवासी 147, ओसोदी रोड भफोलुका आंसोदी लागोस स्टेट, नाइजीरिया(हाल पता सी 14, हस्तसाल रोड, उत्तम नगर, दिल्ली) को धोखाधड़ी, धौंस जमाने, आइटी एक्ट एवं विदेशी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उन्होंने बताया कि जोआ को बीमार होने पर पहले भी दो बार बार जेएन मेडिकल कालेज में उपचार दिलाया गया था। 29 नवंबर को सांस लेने, छाती में दर्द व घबराहट होने पर जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां शुक्रवार शाम मौत हो गई। इस संबंध में नाइजीरिया बंदी के उच्च न्यायालय में अधिवक्ताओं से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि जोआ के भाई से सहयोग प्राप्त नहीं हो रहा है। इस प्रकरण में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जिनके स्तर से भारतीय दूतावास के जरिए नाइजीरिया दूतावास को अवगत करा दिया गया है।