निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में दावें और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तिथि 05 दिसम्बर तक
——————————————————————
मतदाता सूची में नाम पंजीकृत कराने, नाम सहित अन्य प्रविष्टि संशोधन कराने हेतु अपने नजदीकी बूथ पर जाएं अथवा वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से ऑनलाइन करें-डीएम

एटा। भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश राज्य के सभी विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों में दिनांक 01 जनवरी, 2022 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में दावे और आपत्तियाँ दाखिल करने की पूर्व निर्धारित अवधि 30 नवंबर 2021 से बढ़ाकर 05 दिसम्बर, 2021 (रविवार) कर दी गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण चुके युवा मतदाता सूची में अपना नाम सम्मिलित करने हेतु फार्म-6, मतदाता सूची में अंकित मतदाता के नाम का अपमार्जन हेतु फार्म-7 अथवा नाम, अन्य प्रविष्टि में संशोधन फार्म-8 भरकर 05 दिसम्बर 2021 तक आवेदन अवश्य कर दें। वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से भी यह प्रक्रिया ऑनलाइन की जा सकती है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में अपना नाम पंजीकरण कराने हेतु अपने नजदीकी पोलिंग बूथ पर जाकर बीएलओ से संपर्क करें। मतदाता पंजीकरण के लिये http://voterportal.eci.gov.in पर जायें या वोटर हेल्पलाइन ऐप डाउनलोड करें और स्वयं को मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं या किसी भी प्रकार का संशोधन कर सकते हैं। मतदाता पंजीकरण में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर डिस्ट्रिक्ट कॉन्टेक्ट सेंटर के नम्बर 1950 डायल करके संपर्क स्थापित करें। उन्होंने समस्त बीएलओ को निर्देश दिए हैं कि एक बार पुनः चेक कर लें उनके मतदेय स्थल से संबंधित कोई भी पात्र, मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए।