
पांच दिसंबर तक फाइनल होंगे कलाकारों के नाम – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – नुमाइश की तैयारियों ने तेजी पकड़नी शुरू कर दी है। नुमाइश मैदान में झूले से लेकर कृषि विभाग की ओर से पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा सजावट व लाइटिंग का काम शुरू हो गया है। नुमाइश में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों के नाम पांच दिसंबर तक प्रशासन फाइनल करेगा। इसमें कलाकारों के नामों के प्रस्ताव आए हैं।डीएम सेल्वा कुमारी जे के निर्देश पर एडीएम वित्त व राजस्व विधान जायसवाल ने सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप वर्मा के साथ राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी के आयोजन में स्मारिका कमेटी की तैयारियों बैठक की। एडीएम वित्त ने बताया कि नुमाइश स्मारिका में अपने लेख प्रकाशित करने के लिए इच्छुक व्यक्ति नुमाइश ग्राउंड स्थित कार्यालय में दिनांक 20 दिसंबर तक प्रस्तुत कर सकते हैं। डॉ. राकेश सक्सेना 09412012340 से संपर्क किया जा सकता है। इसके साथ ही विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी नुमाइश को डिजिटल किया जाएगा, जिसके संबंध में बैठक में विस्तृत रूप से चर्चा की गई। वहीं सिटी मजिस्ट्रेट ने नुमाइश मैदान में चल रही तैयारियों का निरीक्षण किया और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।