
निर्दोष और विष्णु ने पांच लाख में बेचा था टीईटी पेपर, तलाश में एसटीएफ – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – शिक्षक पात्रता परीक्षा का पर्चा लीक मामले में टप्पल के गौरव की एसटीएफ की गिरफ्तारी के बाद अब गोंडा के विष्णु और निर्दोष की तलाश तेजी से जारी है। निर्दोष पुत्र केहरी सिंह और विष्णु पुत्र राजू गांव से फरार हैं। इनके परिवारीजनों और नजदीकियों से एसटीएफ की टीम पूछताछ में जुटी है। सभी संभावित ठिकानों पर दबिश जारी है। वहीं, परिवार के फोन भी सर्विलांस पर लगाए गए हैं। इधर, गांव में विष्णु और निर्दोष को लेकर तरह-तरह की चर्चा जारी हैं। गांव के लोगों ने दोनों आरोपियों के परिवारों से दूरी बना ली है। उनके घर के लोगों से बातचीत करने से भी गांव वाले कतरा रहे हैं। वहीं, इन दोनों के बैंक खातों को भी एसटीएफ द्वारा खंगाला जा रहा है, जिससे की यह पता लगाया जा सके कि इन लोगों ने और कितने लोगों के साथ पर्चा बेचने का सौदा किया था। बता दें कि गौरव ने पूछताछ में एसटीएफ को बताया है कि निर्दोष और विष्णु ने पांच लाख रुपये में पर्चा बेचा था। बीते रविवार को उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा का पेपर व्हाट्सएप पर वायरल होने के चलते इस परीक्षा को बीच में ही स्थगित करने का फैसला सरकार ने लिया था।