गहलोत कैबिनेट में फेरबदल से सचिन पायलट खुश, कहा- जो कमी थी वो पूरी हो गई

राजस्थान में महीनों तक चली उथल-पुथल के बीच आज नई कैबिनेट का शपथ ग्रहण होना है. इसी बीच सचिन पायलट ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इसमें उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल की नई सूची से अच्छा संदेश गया है. उन्होंने कहा कि कुछ कमियां थीं, वो पूरी हो गईं हैं.
जयपुर
Rajasthan Cabinet News: राजस्थान में महीनों तक चली उथल-पुथल के बीच आज नई कैबिनेट का शपथ ग्रहण होना है. इसी बीच प्रदेश के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सचिन पायलट (Sachin Pilot) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कैबिनेट पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल की नई सूची से अच्छा संदेश गया है. उन्होंने कहा कि कुछ कमियां थीं, वो पूरी हो गईं हैं. कैबिनेट के फेरबदल को लेकर पायलट ने सोनिया गांधी,प्रियंका गांधी, अशोक गहलोत और अजय माकन का धन्यवाद दिया.
पायलट ने कहा कि दलित समाज के चार कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं जोकि हमारे लिए बहुत अच्छी बात है. आदिवासी भाई बहनों को उचित प्रतिनिधित्व मिला है यह लोग हमारे साथ रहे हैं. जो तबका हमेशा से हमारे साथ रहा है उसको उसका हिस्सा देने का काम किया गया है. उन्होंने बताया कि नया मंत्रिमंडल सभी लोगों से चर्चा और मंजूरी मिलने के बाद बना है. उन्होंने कहा कि दिल्ली और राजस्थान के नेताओं ने मिलकर नया मंत्रिमंडल तैयार किया है.
उन्होंने कहा, कांग्रेस में कोई गुट नहीं है. सुबह मैंने देखा कि लोग दिखा रहे हैं पायलट गुट से इतना, अशोक गुट से इतना मगर जब 2018 का चुना हुआ था तो हमने सबके साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और सबके साथ मिलकर सरकार बनायी है. इसलिए कांग्रेस में हमारा एक ही गुट है और वो कांग्रेस आलाकमान का गुट है.
उन्होंने कहा कि हमारी मांग थी कि जो कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ता रहे हैं उनको सही प्रतिनिधित्व मिले. जो बोर्ड हैं, निगम हैं, आयोग हैं, उसमें इन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ईनाम मिले. उन्होंने कहा कि मैं चाह रहा था कि एससी, एसटी, ओबीसी को सही जगह मिले. हमें खुशी है कि जो मुद्दे हमने उठाए, उस पर सुनवाई हुई है.