
एएमयू छात्रों ने पुलिस कस्टडी में हुई मौत के विरोध में किया प्रदर्शन – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – कासगंज में पुलिस कस्टडी में अल्ताफ की मौत की घटना के विरोध में गुरुवार दोपहर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के दर्जनों छात्रों ने मौलाना आजाद लाइब्रेरी से बाबे सैयद गेट तक यूपी पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी कर मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने अल्ताफ कांड में राष्ट्रपति के नाम अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर को ज्ञापन सौंपकर सीबीआई जांच व उचित कार्रवाई कराने की मांग की है। छात्र नेता फैजुल हसन ने बताया उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ठोको की नीति और प्रदेश से गुंडे भगाने पर लगे हुए हैं ।क्या अब गुंडे पुलिस की वर्दी में आ गए हैं। प्रदेश सरकार भेदभाव की नीति अपना रही है ।कानपुर के व्यापारी की गोरखपुर में पुलिस कस्टडी में मौत होने पर आरोपी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की गई। पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा देने के साथ-साथ सम्मानजनक नौकरी भी दी गई ।जबकि कासगंज में पुलिस कस्टडी में अल्ताफ की मौत होने के बाद 5लाख रुपये के मुआवजे और फोर्थ क्लास कर्मचारी की नौकरी देने की घोषणा की गई है ।वहीं आरोपी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध ना रिपोर्ट दर्ज की गई है ।मात्र उनको निलंबित किया गया है। हमारी मांग है कि अल्ताफ कांड में सीबीआई जांच हो ,आरोपी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध हत्या के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाए। अगर हमारी मांगे नहीं मानी गई तो अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्र बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।