
कोर्ट में नहीं तय हो सके जहरीली शराब कांड के आरोप – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – एडीजे-9 की अदालत में जहरीली शराब कांड मामले में आरोपी शिवकुमार, ऋषि, मुनि शर्मा, विनोद कुमार समेत 15 आरोपियों पर आरोप तय नहीं हो सके। एडीजीसी जेपी राजपूत के अनुसार मडराक के मुकदमे में आरोपी तलब थे। मगर हड़ताल के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। अब इस मामले की सुनवाई 10 नवंबर को होगी।
इनामी विनोद पथेना की तलबी की प्रक्रिया शुरू
शीशिया पाड़ा स्थित सरिया कारोबारी सुरेंद्र जिंदल के अपहरण के मामले में भी पुलिस ने आरोपी विनोद पथैना को अदालत में तलब किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 50 हजार के इनामी रहे विनोद को पिछले दिनों आगरा में पकड़ा गया। तब से वह आगरा जेल में है।एसएसपी ने इस प्रक्रिया को पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इधर, इसी मामले में मुख्य आरोपी विनोद जाट के खिलाफ एडीजे-1 की अदालत में गवाही की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस मामले में शुक्रवार को वादी की शेष गवाही होनी थी, लेकिन अदालत में शोक अवकाश के चलते कार्रवाई नहीं हो सकी। एडीजीसी अमर सिंह तोमर के अनुसार, इस मामले की सुनवाई आगामी 10 नवंबर को होगी।