जिले में 24 अक्टूबर तक मिशन मोड में चलेगा टीकाकरण अभियान
-शनिवार के दिन भी लगेगी टीके की दोनों डोज
एटा, 21 अक्टूबर 2021

देशभर में कोविड-19 टीकाकरण अभियान तेजी से चलाया जा रहा है । गुरुवार को भारत ने 100 करोड़ कोरोना के टीके लगाने के बड़े लक्ष्य को हासिल कर लिया। इसी के साथ ही कोविड-19 टीकाकरण अभियान को अब और गति प्रदान करने के उद्देश्य से जिले में 24 अक्टूबर तक मिशन मोड में अभियान को चलाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ उमेश कुमार त्रिपाठी ने देश भर में कोरोना वैक्सीन के 100 करोड़ डोज लगाए जाने पर स्वास्थ्यकर्मियों व फ्रंटलाइन वर्कर्स को बधाई दी व बिना थके – बिना रुके टीकाकरण को आगे बढ़ाने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि जनपद में टीकाकरण अभियान की गति को बनाए रखने के लिए 24 अक्टूबर तक मिशन मोड में टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इसी कड़ी के अंतर्गत गुरुवार को जनपद में 198 टीकाकरण केंद्र बनाए गए। इन टीकाकरण केंद्रों पर शाम 4:30 बजे तक कुल 7483 लोगों को टीका लगाकर प्रतिरक्षित किया गया। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के लिए पर्याप्त मात्रा में जनपद पर वैक्सीन उपलब्ध है। गुरुवार सुबह जनपद के पास 67890 डोज कोवीशील्ड व 21670 डोज कोवैक्सीन उपलब्ध थी।
डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि शनिवार (सिर्फ इसी शनिवार हेतु) के दिन भी टीका की पहली व दूसरी दोनों डोज लगाई जाएंगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि देश बढ़-चढ़कर टीकाकरण में हिस्सा ले रहा है। हम सभी को आगे आकर टीका की दोनों डोज लगवाकर कोरोना पर विजय हासिल करनी है। अतः लोग लापरवाही न बरतें व शीघ्र टीका लगवा लें।
सीएमओ ने बताया कि जिन लोगों को वैक्सीन लग चुकी है एवं ऑनलाइन सर्टिफिकेट नहीं निकल पा रहा है। ऐसे व्यक्ति अपने नजदीकी ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य इकाई पर जाकर अपना ऑनलाइन सर्टिफिकेट निकलवा सकते हैं। ऑनलाइन सर्टिफिकेट निकलवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीकाकरण के समय दिया जाने वाला ऑफलाइन सर्टिफिकेट ले जाना आवश्यक है।