
हरदुआगंज क्षेत्र में दारोगा पर फैसले के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप, भाजपा नेता से हुई नोक-झोंक
अलीगढ़ के हरदुआगंज में दो भाइयों के बीच हुए विवाद में आपसी सहमति से फैसला होने बाद भी दारोगा ने दो हजार की रिश्वत मांगते हुए जेल भेजने की धमकी दे डाली, जिसकी खबर पाकर थाने पहुंचे भाजपा नेता- दारोगा में तीखी नोक-झोंक हुई। मामले की शिकायत सांसद अलीगढ़ से की गई है।मोहल्ला जहांगीराबाद में दो भाइयों में कहासुनी होने पर पुलिस दो लोगों को थाने ले आई थी। वहीं सुबह रिश्तेदारों ने आकर फैसला करा दिया। वहीं दोनों पक्षों से एक-एक हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता सभासद आशीष गौड़ को सूचना दे दी। आशीष गौड़ तुरंत थाने पहुंचे तो देखा कि लिखित फैसलानामा देने के बाद भी दारोगा दोनों को जेल भेजने की तैयारी कर रहे थे। सभ्रांत लोगों द्वारा फैसला होने की कहने पर दारोगा द्वारा उन्हें दलाल कहने पर भाजपा नेता व दारोगा के बीच नोक-झोंक हुई। थाना प्रभारी राजेश कुमार के दखल के बाद फैसलानामा मंजूर किया गया। आशीष ने बताया कि दारोगा फैसले के नाम पर रिश्वत मांग रहे थे। बीते दिनों गांव मोरथल में रामलीला में हुई मारपीट के मामले में फैसले के नाम पर दारोगा द्वारा 15000 रुपये लेने की चर्चा है। जलाली चौकी पर तैनाती के दौरान दुकानों में तोड़फोड़ करने व दुकानदारों से मारपीट करने के आरोप के बाद बीते माह ही उन्हें हरदुआगंज बुलाया गया है। यहां भी खुलेआम रिश्वत मांगने व फरियादियों से अभद्र व्यवहार करने की शिकायतें हैं।