एक घंटे का होगा आगरा से लखनऊ तक का हवाई सफर

आगरा से हवाई यात्रा करने वालों के लिए अच्छी खबर है। हवाई सेवा में एक अक्टूबर से बड़ा अध्याय जुड़ने जा रहा है। पहली बार आगरा से लखनऊ के लिए हवाई सेवा शुरू होगी। अब सड़क मार्ग से चार घंटे की दूरी हवाई जहाज से मात्र एक घंटे में तय हो सकेगी। विमानन कंपनी इंडिगो इस सेवा को नियमित शुरू करने जा रही है। यह फ्लाइट रोजाना होगी। आगरा खेरिया एयरपोर्ट के निदेशक एए अंसारी ने बताया कि इंडिगो द्वारा एक अक्टूबर से इस फ्लाइट को शुरू किया जा रहा है। यह फ्लाइट रोजाना लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से दोपहर 2:45 बजे रवाना होगी और आगरा 1 घंटे बाद यानी दोपहर 3:45 बजे पहुंच जाएगी। यहां पर 15 मिनट का स्टॉप रहेगा। उसके बाद ये फ्लाइट शाम 4:00 बजे लखनऊ के लिए रवाना होगी, जोकि शाम 5:00 बजे लखनऊ पहुंचेगी।