
प्रधानमंत्री के अलीगढ़ कार्यक्रम में खाना नहीं मिला तो लोगों ने की लूटमार
अलीगढ़ लोधा में हुए प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में आगरा व अलीगढ़ मंडल से बड़ी संख्या में लोगों को लाया गया। इन सभी को खाने के पैकेट देने की व्यवस्था की गई। लेकिन खाने के लिये तैयार पैकेट खत्म होने के बाद भूखे प्यासे लोगों के तेवर तल्ख हो गए। इनमें से कई लूटमार पर उतर आए। किसी ने पूड़ी लूटी तो कई रिफाइंड के सील पैक टिन ही लूट ले गए। इसका इंटरनेट मीडिया वीडियो वायरल होने से हड़कंप मचा हुआ है।राजा महेंद्र प्रताप राज्य विश्वविद्यालय एवं डिफेंस कॉरिडोर के शिलान्यास के लिये आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के लिये आगरा व अलीगढ़ मंडल से लोगों को लाने की व्यवस्था की गई। इन दोनों मंडलों के दर्जनों जिलों से बड़ी संख्या में भीड़ कार्यक्रम स्थल पर पहुंची तो स्थानीय स्तर पर भी भीड़ दूर दराज के गांवों से जुटाई गई। इसके चलते कार्यक्रम में करीब एक से डेढ़ लाख लोगों की भीड़ नजर आई। प्रशासन ने इन सभी के खाने की व्यवस्था की थी। सभी के लंच पैकेट बनवाकर वितरण कराया। लेकिन कुछ स्थानों पर खाने के पैकेट कम पड़ गए। इससे सुबह से भूखे प्यासे लोग उग्र हो गए और लूटमार पर उतर आए। इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। वीडियो गोमत चौराहे के पास बने एक गेस्ट हाउस ज्योति फार्म हाउस का है। इसमें लोगों की भीड़ रिफाइंड से भरे सील पैक टिन व पानी की बोतलों के दर्जनों पैकेट लूट कर ले जाते दिख रहे हैं। कुछ व्यक्ति दोनों हाथों में ढेर सारी पूड़ियां ले जाते दिख रहे हैं। कुछ लोग मौजूद स्टाफ बहस कर रहे हैं।