अलीगढ़ में 29 सितंबर से शुरू होगा रामलीला महोत्सव, तैयारियां शुरु
श्री रामलीला गोशाला कमेटी द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाला रामलीला महोत्सव इस बार 29 सितंबर से शुरू हो रहा है, जबकि 15 अक्तूबर को नुमाइश मैदान में रावण का दहन होगा। कमेटी ने रामलीला महोत्सव की तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। इसकी सूचना जिला प्रशासन को भी दे दी है।अध्यक्ष वेद प्रकाश जैन, उपाध्यक्ष विमल अग्रवाल, महामंत्री अरविंद कुमार ने बताया कि 29 सितंबर से लेकर 17 अक्तूबर तक श्रीरामलीला महोत्सव का आयोजन भव्यता के साथ होगा। तीन अक्तूबर को राम बरात, पांच अक्तूबर को सरयूपार लीला, सात अक्तूबर को काली की सवारी, 10 अक्तूबर को हनुमानजी की सवारी निकलेगी। 15 अक्तूबर को श्रीरामचंद्र महाराज की सवारी निकलेगी। नुमाइश मैदान पहुंचने के बाद राम-लक्ष्मण के स्वरूप रावण, कुंभकरण व मेघनाथ के पुतलों का दहन करेंगे। 17 अक्तूबर को भगवान राम अपनी प्रजा का अवलोकन करेंगे। जिसके तहत शाम साढ़े छह बजे से शहर के बाजारों में शोभायात्रा निकलेगी। इस आयोजन को लेकर कमेटी ने विभिन्न तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। रामलीला मंडली, टेंट हाउस, लाइट-माइक के साथ अन्य आयोजनों को लेकर व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं।
