डिजिटल मीडिया पर छात्रा को फोटो वायरल करने की धमकी
अलीगढ़ बन्नादेवी क्षेत्र के एक मोहल्ले में एक युवक ने इंटरनेट मीडिया पर बीबीए की एक छात्रा से दोस्ती कर ली। आरोप है कि अब वह छात्रा के फोटो वायरल करने की धमकी दे रहा है। इससे छात्रा दहशत में है। थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर पीड़िता ने पुलिस से मदद मांगी है।इंस्पेक्टर विनोद कुमार के अनुसार इलाके के ही एक मोहल्ले की रहने वाली छात्रा निजी कालेज से बीबीए की पढ़ाई कर रही है। छात्रा के अनुसार करीब आठ माह पूर्व उसके इंटरनेट मीडिया पर बने अकाउंट के जरिए एक युवक ने पहले मैसेज किया फिर दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। एक दूसरे के फोटो का भी आदान-प्रदान हो गया। आरोप है कि युवक छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। विरोध पर उसके फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है। परेशान छात्रा ने इस मामले में अपने स्वजन को जानकारी दी। छात्रा की ओर से आरोपित आइटीआइ रोड निवासी सत्येंद्र कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में जांच की जा रही है।
