नवदंपत्ती ने जहर खाकर की आत्महत्या

एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव दूल्हापुर में नवदंपती ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। युवती के मायके वाले आ गए तो दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात चली। दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद पुलिस को सूचना दिए बिना मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव दूल्हापुर निवासी विकास की शादी 29 अप्रैल 2021 को रेखा पुत्री वीरेंद्र सिंह निवासी अन्नियां थाना व जिला कासगंज के साथ हुई थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर शनिवार रात अनबन हो गई। इसी बात पर पहले पत्नी ने जहर खा लिया। जब विकास ने उसको हिलाया तो कोई हरकत नहीं हुई।
इस पर विकास ने भी कीटनाशक का सेवन कर रात में ही दम तोड़ दिया। परिजनों को जानकारी नहीं हुई। रविवार सुबह जब दोनों नहीं उठे तो देखा गया। दोनों के मुंह से झाग निकल रहा था और सांसें थम चुकी थीं। नवदंपती की आत्महत्या की खबर पर पूरे गांव में सन्नाटा सा छा गया। युवती के मायके वालों को सूचना दी गई। इसके बाद गांव में पंचायत हुई। समझौतानामा ग्राम प्रधान के लेटरपैड पर लिखा गया, इस पर दोनों पक्षों के हस्ताक्षर किए गए। प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि गांव दूल्हापुर में नवदंपती द्वारा आत्महत्या करने की थाने पर कोई सूचना नहीं दी गई है। अगर कोई शिकायत आती है तो कार्रवाई की जाएगी।
एक ही चिता पर किया गया दोनों का अंतिम संस्कार
ग्रामीणों में चर्चा है कि मौत का कारण चाहे जो भी रहा हो, लेकिन दोनों में काफी प्रेम था। मायके वालों की रजामंदी के बाद ग्रामीणों ने एक ही चिता पर नवदंपती का अंतिम संस्कार कर दिया।