यूपी : मऊ समेत 6 जिलों में अलग-अलग हादसों में 12 लोगों की दर्दनाक मौत

यूपी के 6 जिलों में अलग-अलग हादसों में 12 लोगों की मौत हो गई। सबसे दर्दनाक हादसा मऊ में हुआ। जहां एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मां-बेटी और मासूम बेटा भी शामिल है। फिरोजाबाद में पोते के साथ जा रहे दादा को ट्रक ने टक्कर मार दी। इसके बाद पोते को कुचलता हुआ ट्रक निकल गया और घायल पड़े बाबा बस देखते रह गए। बुलंदशहर में बीमार बहन के लिए खून लेकर जा रहे भाई की एक्सीडेंट में मौत हो गई।
मऊ में रविवार को रोड एक्सीडेंट में एक परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। परिवार कार से छत्तीसगढ़ से मधुबन मऊ जा रहा था। इस बीच कार गड्ढे में फंसकर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। कार पलटने से 4 बच्चे सहित एक महिला की मौत हो गई। दो अन्य लोग गंभीर घायल हैं। परिवार फुलवरिया चौरीचौरा, गोरखपुर का रहने वाला है। हादसा देर रात 2 बजे हुआ है। कार में महेश और दिनेश दो भाई का परिवार था। हादसे में महेश की पत्नी ममता (35), महेश की बेटी तानी (13), बेटा मयंक (6) की मौत हो गई। दिनेश की बेटी माही (4) और बेटे दिव्यांश (8) की जान भी चली गई। घटना में महेश खुद और दिनेश की पत्नी दीपिका (30) घायल है।
वहीं फिरोजाबाद में ट्रक बाबा के सामने मासूम पोते को रौंदता चला गया। रविवार की सुबह बाबा जितेंद्र राठौर के साथ स्कूटी पर घूमने निकले पोते ऋतिक को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में पोते की मौके पर मौत हो गई। जबकि दूर पड़ा घायल बाबा अपने पोते को मरते हुए देखता रह गया। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, बालू लदे ट्रक को कब्जे में ले लिया। घटना थाना शिकोहाबाद के एटा चौराहे की है।
इसके अलावा बुलंदशहर में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां दो बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। बुलेट सवार भाई गजेंद्र अपने जीजा के साथ अस्पताल में भर्ती अपनी बहन के लिए खून लेकर जा रहा था। हादसे में गजेंद्र की मौत हो गई और जीजा बुरी तरह घायल हो गए। जबकि, दूसरी गाड़ी पर सवार शाहरुख की भी जान चली गई। घटना थाना स्याना क्षेत्र की है।
गोंडा में रविवार सुबह सरयू पुल के पास दिल्ली से बिहार जा रहे मजदूरों से भरी बस एक खड़े ट्रक से टकरा गई। इसमें दो यात्रियों की मौत हो गई। जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां गंभीर घायलों को अयोध्या रेफर कर दिया। हादसे में घायल चश्मदीद मजदूर ज्योतिष यादव ने बताया कि बस में करीब 120 लोग सवार थे और अचानक बस का ब्रेक फेल होने जैसी स्थिति हो गई और बस ट्रक से टकरा गई। जिस समय घटना हुई उस समय ज्यादातर यात्री नींद में थे।
इसी क्रम में ग्रेटर नोएडा में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर तेज रफ्तार बस ने सड़क पर खड़े ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर मौत हो गई। जबकि, बस में सवार अन्य 19 लोग घायल हो गए। मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है।
बस पंजाब से मुजफ्फरपुर बिहार जा रही थी। बस में करीब 125 लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक और बस के परखच्चे उड़ गए। घटना ग्रेटर नोएडा के दादरी कोतवाली एरिया के नई बस्ती और बील अकबरपुर गांव के बीच की है। पुलिस ने रेस्क्यू कर बस में सवार यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया।
बाराबंकी के लोनीकटरा थाने के गौरिया का पुरवा गांव में एक युवक रेलवे ट्रैक को पैदल पार कर रहा था कि वह लखनऊ की ओर से आ रही गुवाहाटी राजधानी ट्रेन के इंजन की चपेट में आ गया। उसे इंजन की आवाज सुनाई नहीं दी। क्योंकि वह हेडफोन लगाए था। जबकि लोगों ने भी तेज आवाज लगाई लेकिन वह सुन नहीं पाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्ट के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।