मुरादाबाद/भोजपुर: किशोरी को बहला-फुसला कर अगवा करने की सजा आरोपी युवक के मौसेरे भाई को दी गई। आरोप है कि किशोरी के परिजनों ने युवक के मौसेरे भाई को पेड़ से उल्टा लटकाकर डंडों से बेरहमी से पीटा। पिटाई की वीडियो बनाकर भी वायरल कर दिया गया। वीडियो वायरल होने के बाद भोजपुर पुलिस हरकत में आई और आनन-फानन में तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया। बाद में दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया।
भोजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की 10वीं की छात्रा बीते 16 जुलाई को घर से लापता हो गई थी। उसे गांव का ही नाबालिग आरोपी बहला फुसला कर ले गए था। किशोरी के परिजनों ने इस मामले में नाबालिग आरोपी के साथ ही उसके दोस्त और दो चाचा के खिलाफ केस दर्ज करा दिया था। जिसके बाद से आरोपी के परिवार वाले गांव छोड़कर बाहर ही रह रहे थे। सोमवार को आरोपी का मौसेरा भाई रवि उसकी बहनों को छोड़ने के लिए गांव आया था। वह दोनों मौसेरी बहनों को छोड़ने के बाद डीजल खरीदने के लिए जा रहा था। आरोप है कि तभी पहले से घात लगाए बैठे किशोरी के भाइयों ने लालूवाला और कोनी त्रिलोकपुर चौराहे के पास रवि को पकड़ लिया। इसके बाद उसके साथ जमकर मारपीट की और एक पेड़ से रस्सी के सहारे उल्टा लटका दिया। उल्टा लटकाने के बाद आरोपियों ने रवि के ऊपर खूब डंडे बरसाये। बाद में उसे मरणासन्न हालत में ही खेत के पास छोड़कर भाग गए। आरोपियों ने पिटाई की वीडियो भी बना ली थी। जो सोमवार रात तक सोशल मीडिया में वायरल हो गई। जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने आनन-फानन में घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। दूसरी ओर पुलिस ने इस मामले में गांव रूपपुर निवासी रवि के रिश्तेदार मदन सिंह तहरीर पर आरोपी संजीव, बंटी, सोनू, बृजेश और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने दो आरोपी बृजेश और कुंवरपाल सिंह को गिरफ्तार भी कर लिया है।