
पंचायत चुनाव: किसी भी प्रत्याशी ने नहीं दिया खर्च का ब्योरा
एटा। पंचायत चुनाव के तहत विभिन्न पदों के उम्मीदवारों के लिए खर्च की सीमा तय की गई थी। साथ ही इसका पूरा ब्योरा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है, लेकिन अभी तक एक भी प्रत्याशी ने चुनावी खर्च का ब्योरा नहीं दिया है।जिले में पंचायत चुनाव दूसरे चरण के अंतर्गत कराए गए थे। नामांकन से लेकर मतदान तक की प्रक्रिया अप्रैल में पूरी करा ली गई। सभी पदों के प्रत्याशियों के लिए चुनाव में खर्च की सीमा तय की गई।
जिसका समय-समय पर निरीक्षण प्रशासन या चुनाव से जुड़े अधिकारियों द्वारा किया जाना था। वहीं परिणाम आने के तीन महीने बाद संपूर्ण विवरण प्रस्तुत करने का तय समय किया गया है। अभी तक किसी भी प्रत्याशी की ओर से विवरण प्रदर्शित नहीं किया गया है। तय समय तक इसे न देने की स्थिति में संबंधित प्रत्याशी की जमानत धनराशि जब्त किए जाने का प्रावधान है।