
संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, हत्या की आशंका
एटा। थाना जैथरा क्षेत्र के गांव उदयपुरा निवासी एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। भाई ने हत्या की आशंका जताई है। जमीन को लेकर रंजिश की बात कही है। उसके मुताबिक युवक को फोन से बुलाया था। इसके बाद बेहोशी जैसी हालत में घर पहुंचा और इलाज को ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
गांव उदयपुरा निवासी संतोष कुमार (45) की मौत हुई है। मृतक के भाई चंद्रशेखर ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे फोन करके संतोष को किसी ने कस्बा धुमरी बुलाया था। इसके बाद साइकिल से वह धुमरी पहुंचे। यहां से करीब पांच बजे साइकिल से घर लौटे तो बेहोशी जैसी हालत में थे। पूछने पर कुछ भी नहीं बताया।
इसके बाद एक निजी चिकित्सक के पास लेकर गए, डॉक्टर ने विषाक्त पदार्थ खाना बताया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया, रास्ते में मौत हो गई। चंद्रशेखर का आरोप है कि कस्बा धुमरी में रहने वाले एक व्यक्ति से जमीन को लेकर रंजिश चली आ रही है। ऐसे में जहर देकर भाई की हत्या करने की आशंका है। मोबाइल भी गायब है।
थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि युवक की जहर खाने से मौत हुई है। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अगर हत्या की आशंका जताकर तहरीर दी जाएगी तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करेंगे।