
किशोरी का यौन शोषण: गंभीर हालत में नवजात आगरा रेफर
एटा – थाना अलीगंज क्षेत्र के एक गांव में बहन के घर गई यौन शोषण की पीड़िता किशोरी ने बच्चे को जन्म दे दिया। उसे आगरा रेफर किया गया है। वहां किशोरी के भाई और भाभी इलाज करा रहे हैं।
जिला फर्रुखाबाद थाना कायमगंज क्षेत्र के एक गांव की किशोरी अपनी बड़ी बहन के घर अलीगंज क्षेत्र में आई थी। किशोरी का आरोप है कि वहां दो युवकों ने तमंचे के बल पर उसका यौन शोषण किया। डर से किशोरी ने वारदात को छिपाए रखा परिजनों को जानकारी होने पर बृहस्पतिवार को रिपोर्ट दर्ज कराई गई। उसे चिकित्सकीय परीक्षण के लिए महिला जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसने एक बच्चे को जन्म दिया। नवजात की हालत खराब होने पर रात में उसे आगरा रेफर कर दिया गया। मासूम का इलाज कराने के लिए किशोरी का भाई और भाभी साथ में गए हैं। इनकी सुरक्षा में अलीगंज थाना पुलिस भी लगी हुई है।
प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि किशोरी की हालत सही है। उसको अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। मासूम बच्चे का इलाज कराने के लिए उसके भाई और भाभी साथ गए हैं।
एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि किशोरी का भाई 27 मई को उसे लेकर थाना अलीगंज आया था। उसी दिन सुमित और उसके भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी को लगातार दबिश दी जा रही हैं।