
सरकारी वारदाना में भरा मिला बिचौलियों से खरीदा गेहूं, मुकदमा
एटा – गेहूं क्रय केंद्र प्रभारी ने व्यापारियों और आढ़तियों से गेहूं खरीदकर गोदाम के लिए ट्रक भेज दिया। इस ट्रक में 185 कुंतल गेहूं भरा था। जो वारदाना था वह सरकारी था। जांच करने में पता चला कि यह गेहूं गांव में कांटा लगाकर खरीद लिया गया। इस मामले की रिपोर्ट थाना मलावन में दर्ज कराई जा रही है।
जिलाधिकारी डा. विभा चहल को सूचना मिली कि साधन सहकारी समिति जैथरा के प्रभारी अजय कुमार की ओर से क्षेत्र के गांव नगला डंबर में व्यापारी और आढ़तियों से गेहूं खरीदा जा रहा है। इस सूचना पर जांच कराई गई तो गेहूं से भरा हुआ ट्रक मिल गया। ट्रक में सरकारी गेहूं भरा था। गिनती में 370 कट्टा वजन करीब 185 कुंतल गेहूं था। यह गेहूं गांव में कांटा लगाकर खरीदा गया था। ट्रक पर मौजूद हेल्पर उदयवीर पुत्र ओमप्रकाश निवासी ढकपुरा ने बताया कि ट्रक ड्राइवर गाड़ी को खड़ाकर भाग गया है। ट्रक अजय कुमार की ओर से भरवाया गया है। इस ट्रक को सेंथरी में खाली कराने के लिए ले जाना था। यह गांव गेहूं क्रय केंद्र से करीब 12 किमी दूर है। गेहूं को किसानों से क्रय ना करके बिचौलिओं से खरीदा गया है।