

जिलाधिकारी ने जनपद के धर्मगुरूओं के साथ की बैठक
धर्मगुरूओं के माध्यम से पहुंचाया जाएगा जन जन तक टीकाकरण का संदेश
एटा। जनपदवासियों को कोरोना के संक्रमण से बचाने के लिए शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में जनपद के धर्मगुरूओं के साथ वैक्सीनेशन जागरूकता बैठक जिलाधिकारी डा0 विभा चहल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। धर्मगुरूओं द्वारा वैक्सीन का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाए।
डीएम ने स्वयं का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि उनके द्वारा भी वैक्सीन की दोनो डोज ली गई है। वैक्सीन के बाद मृत्युदर काफी कम होती है। लोगों के मन में व्याप्त भ्रान्तियों, भ्रमों को दूर करने का प्रयास करें, जिससे कि लोग वैक्सीन लगवाएं। आगामी समय में कोरोना वायरस की संभावित तीसरी लहर से अपने बच्चों को बचाने के लिए हमें स्वयं को वैक्सीन लगवानी चाहिए। क्योंकि जब हम सुरक्षित होंगे, तभी हम अपने बच्चों को सुरक्षित रख सकेंगे।
एसएसपी उदय शंकर सिंह ने कहा कि कोरोना का संक्रमण काफी खतरनाक है, संक्रमण से बचने के लिए वैक्सीन अवश्य लगवाएं। अपने शरीर एवं दिमाग को स्वस्थ रखें। इंसानियत को बचाने के लिए धर्मस्थलों से लाउडस्पीकर के माध्यम से एवं पूजा अर्चना व अजान के बाद लोगों को वैक्सीन लगवाने का संदेश प्रसारित करें।
एडीएम वित्त एवं राजस्व सुनील कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्र, एएसपी ओपी सिंह ने भी वैक्सीनेशन को लेकर स्वयं का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए धर्मगुरूओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वैक्सीन की दोनो डोज लेने के बाद वे सुरक्षित है।
इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व सुनील कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्र, एएसपी ओपी सिंह, सीएमओ डा0 उमेश कुमार त्रिपाठी, चेयरमैन परवेज जुबैरी सहित जनपदभर से आए विभिन्न धर्मस्थलों के धर्मगुरू आदि मौजूद रहे।