कोरोना से मां की मौत, पिता को है ब्रेन हेमरेज
एटा।विकासखंड शीतलपुर क्षेत्र के प्रावि बाबरपुर में तैनात प्रधानाध्यापिका रचना रघुवंशी की ड्यूटी पंचायत चुनाव में लगाई गई। चुनाव प्रशिक्षण के दौरान ही वह कोरोना संक्रमित हो गईं। उनके पिता रवींद्र रघुवंशी ने बताया कि टेस्ट में रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर वह आगरा के एक हॉस्पीटल में भर्ती हो गईं। उपचार के दौरान 21 अप्रैल की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे उनकी तबियत ज्यादा बिगड़ गई। वेंटिलेटर की जरूरत थी, लेकिन नहीं मिल पाया। दूसरे अस्पताल ले गए, लेकिन हालत और ज्यादा खराब हो गई और रात करीब तीन बजे मौत हो गई।

दो बेटियों का पालन पोषण कर रहे नाना
रचना की दो बेटियां है। 17 वर्षीय आयूषी सिंह 12वीं और 12 वर्षीय अपूर्वा सिंह सातवीं कक्षा में शहर के असीसी कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ाई कर रही हैं। वर्तमान में इन दोनों का पालन-पोषण आगरा में उनके नाना रवींद्र रघुवंशी कर रहे हैं। वह सिंचाई विभाग में एसडीओ पद से सेवानिवृत्त हैं। एटा के शांतिनगर स्थित रचना के घर में ताला लगा हुआ है। बेटियों की पढ़ाई प्रभावित है।
जनवरी में पिता को हुआ था ब्रेन हेमरेज
रवींद्र रघुवंशी ने बताया कि दामाद डीएस रघुवंशी सरस्वती विद्या मंदिर में भौतिक विज्ञान के अध्यापक हैं। 21 जनवरी को विद्यालय में कॉपी चेक करने के बाद घर आए। रात में अचानक तबियत बिगड़ गई। बेहोश होकर जमीन पर गिर गए। इलाज के लिए आगरा लेकर गए तो बताया गया कि ब्रेन हेमरेज हुआ है। 14 फरवरी को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद से वह घर में बेड रेस्ट कर रहे हैं। तबियत में बहुत ज्यादा सुधार नहीं हो रहा ।