
#Lucknow…
अब लखनऊ के पानी में मिला कोरोना वायरस
तीन जगह से लिए गए नमूने, पीजीआई में हुई जांच
इंसानों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। लखनऊ के पानी में कोरोना संक्रमण मिलने की खबर ने लोगों की नींद उड़ा दी है। गोमती नदी में गिर रहे खदरा स्थित नाले में कोरोना वायरस मिला है। मुंबई के बाद लखनऊ के सीवर में कोरोना वायरस मिलने का यह पहला मामला है। यहां के कुछ नाले सीधे गोमती नदी में मिले हैं, तो कुछ का पानी ट्रीटमेंट प्लांट में शोधन के बाद नदी में छोड़ा जाता है। इस पानी का इस्तेमाल पीने में भी किया जाता है। इससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है। पीजीआई माइक्रोबायोलॉजी विभाग में सीवर के पानी की जांच हुई है।
गोमती में गिरने वाले सीवर के पानी में कोरोना वायरस का पता लगाने के लिए इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) व वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ ) ने शोध शुरू किया है। इसमें देशभर के अलग-अलग शहरों से सीवर के पानी का नमूना जुटाकर जांच की जा रही है।