
जीत की खुशी में लड्डू बंटवा रहा था प्रधान, पूर्व प्रधान ने लेने से किया इंकार तो फोड़ दिया सिर
~हाजीपुर तरिहा गावें के रहने वाले राधेलाल ने हंसनगंज थाने में तहरीर दी है.तहरीर में बताया कि बीते रविवार सुबह अपने घर के सामने बैठे थे.तभी नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान सरोज देवी की जीत की खुशी में राहुल, गिरधारी, योगेंद्र, आलोक सिंह, बृजेश और खिन्नी लड्डू देने आए. मना करने पर सभी लोग गाली-गलौज करने लगे.~
उन्नाव: उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव के बाद खूनी संघर्ष की घटनाएं लगातार सामने आ रही है. ताजा मामला उन्नाव जिले से है, जहां जीत की खुशी में प्रधान की तरफ से पूरे गांव में लड्डू बांटे जा रहे थे. इस दौरान प्रधान के समर्थक पूर्व प्रधान के घर पर भी लड्डू बांटने पहुंचे, जब उसने लड्डू लेने से मना कर दिया तो समर्थकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे भाई और बहन घायल हो गए. जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, सूचना पाकर पहुंची पुलिस मामले की गंभीरता को समझते हुए जांच में जुट गई है.
करने लगे गाली-गलौज
हाजीपुर तरिहा गावें के रहने वाले राधेलाल ने हंसनगंज थाने में तहरीर दी है.तहरीर में बताया कि बीते रविवार सुबह अपने घर के सामने बैठे थे.तभी नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान सरोज देवी की जीत की खुशी में राहुल, गिरधारी, योगेंद्र, आलोक सिंह, बृजेश और खिन्नी लड्डू देने आए. मना करने पर सभी लोग गाली-गलौज करने लगे.
‘बेटी को जबरन देने लगा लड्डू’
इस दौरान मौका देख कर आलोक सिंह घर के अंदर घुस गया. इसके बाद बेटी नेहा को जबरन लड्डू देने लगा. मना करने पर सिर पर लोहे का रॉड मार दिया और हाथ पकड़ कर बाहर खींचने लगा. बीच-बचाव के दौरान उसे और पुत्र को भी लोहे की रॉड और लाठी से पीटने लगे.बेटी और पुत्र को गहरी चोटें आई हैं. दोनों बेहोश हो गए, जिन्हें उपचार के लिए हसनगंज स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.
क्या बोली पुलिस?
हसनगंज थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिली है, जिसके आधार पर आधा दर्जन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. इसके पूर्व विगत 7- 8 मई को फतेहपुर 84 थाना क्षेत्र के गांव अटवा में चुनावी रंजिश में गोली चलने में एक किशोर की दर्दनाक मौत हो गई थी.