
डीएम डा0 विभा चहल ने दिए स्पष्ट निर्देश
जनपद में जनसामान्य को आवश्यक वस्तुएं नियमित रूप से मिलती रहनी चाहिए
आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी, मुनाफाखोरी, कालाबाजारी करने पर होगी सख्त कार्यवाही
एटा। जिलाधिकारी डा0 विभा चहल ने सूचित किया है कि कोविड-19 के कारण जनपद में जनसामान्य को आवश्यक वस्तुओं विशेषकर आटा, चावल, दाल, खाद्य तेल, प्याज, आलू, सब्जियों, नमक, दूध, चाय, माचिस, रसोई गैस, पेट्रोल व डीजल आदि की उचित मूल्य एवं मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा व्यापारियों द्वारा इन वस्तुओं की जमाखोरी, कालाबाजारी रोकने व मूल्यों पर निगरानी रखने हेतु पूर्व में गठित 04 टीमों को एक्टिव करते हुए निर्देशित किया गया है कि जमाखोरी, कालाबाजारी, मुनाफाखोरी रोकने हेतु अपने क्षेत्र के अन्तर्गत जांच, कार्यवाही करना सुनिश्चित करें तथा प्रतिदिन जांच कर अपनी रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
डीएम के आदेशानुसार मूल्यों पर निगरानी रखने हेतु नगर क्षेत्र एटा में जिला खाद्य विपणन अधिकारी, वरिष्ठ निरीक्षक विधिक बाटमाप विज्ञान, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एटा एवं तहसील एटा सदर क्षेत्र में एसडीएम सदर, क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक, निरीक्षण विधिक बाटमाप, क्षेत्रीय अधिशासी अधिकारी, तहसील जलेसर क्षेत्र के अन्तर्गत एसडीएम जलेसर, क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक, निरीक्षण विधिक बाटमाप, क्षेत्रीय अधिशासी अधिकारी एवं तहसील अलीगंज के अन्तर्गत एसडीएम अलीगंज, क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक, निरीक्षण विधिक बाटमाप, क्षेत्रीय अधिशासी अधिकारी को तैनात किया गया है।
डीएम ने निर्देश दिए कि गठित टीमों के अधिकारीगण अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी अथवा मुनाफाखोरी को रोकने हेतु प्रभावी कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।