
Covid-19 Vaccination: अब 18+ वालों का भी वैक्सीनेशन; कैसे कराएं रजिस्ट्रेशन?
जानें पूरी प्रक्रिया
…………………………………………………..
Covid-19 Vaccination in India/1 मई से देश में 18 साल से अधिक उम्र वालों को भी कोरोना का वैक्सीन लगेगा. भारत सरकार ने कोविड-19 टीकाकरण की तीसरे फेज की रणनीति का एलान किया है. इसके तहत 18 साल से ज्यादा उम्र का हर व्यक्ति वैक्सीन लगवाने के लिए योग्य होगा. सरकार ने टीकाकरण अभियान में ढील देते हुए राज्यों, निजी अस्पतालों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों को सीधे टीका निर्माताओं से खुराक खरीदने की अनुमति भी दे दी है.
कैसे करें रजिस्ट्रेशन
अगर आप 1 मई 2021 को 18 साल या उससे अधिक उम्र के हैं तो कोरोना वैक्सीनेशन के लिए आपको रजिस्ट्रेशन करवाना होगा. कोविन, आरोग्य सेतु ऐप के जरिए रजिस्ट्रेशन हो सकता है. इसके साथ ही ऑनसाइट रजिस्ट्रेशन यानी अस्पतालों और टीकाकण केंद्रों पर भी रजिस्ट्रेशन की सुविधान होगी. रजिस्ट्रेशन के लिए आपसे वैध पहचान पत्र की जरूरत होगी जिसमें आधार कार्ड, डीएल, पासपोर्ट, वोटर आईडी कार्ड शामिल है.
क्या है प्रक्रिया
इसके लिए योग्य व्यक्ति अपने मोबाइल नंबर के जरिए को-विन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे. पहले को-विन एप्लिकेशन का उपयोग करें या www.cowin.gov.in पर लॉग ऑन करें. फिर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें. अपना अकाउंट बनाने के लिए ओटीपी मिलेगी. ओटीपी दर्ज कर और ‘वेरिफाइ’ बटन पर क्लिक करें. इसके बाद आप वैक्सीनेशन के रजिस्ट्रेशन से जुड़े पेज पर रिडायरेक्ट हो जाएंगे. यहां आपको फोटो आईडी प्रूफ चुनना होगा. इसके साथ ही अपना नाम, उम्र, लिंग की जानकारी देकर और आईडी प्रूफ अपलोड करें. रजिस्ट्रेशन के लिए जानकारी दर्ज करने के बाद, ‘रजिस्टर’ बटन पर क्लिक करें.
50% सप्लाई केंद्र सरकार को
अगले महीने से शुरू हो रहे टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण के तहत टीका निर्माता अपनी केंद्रीय औषधि प्रयोगशालाओं (सीडीएल) से हर महीने जारी खुराकों की 50 फीसदी सप्लाई केंद्र सरकार को देंगे और बाकी 50 फीसदी सप्लाई को वे राज्य सरकारों को और खुले बाजार में बेचने के लिए स्वतंत्र होंगे. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के एक आधिकारिक बयान के अनुसार टीका उत्पादकों को राज्य सरकारों को और खुले बाजार में उपलब्ध होने वाली 50 फीसदी सप्लाई की कीमत एक मई, 2021 से पहले घोषित करनी होगी.
इसी मूल्य के आधार पर राज्य सरकारें, निजी अस्पताल, औद्योगिक प्रतिष्ठान आदि पक्ष टीका निर्माताओं से टीकों की खुराक खरीद सकेंगे. समस्त टीकाकरण ‘राष्ट्रीय कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम’ की उदारीकृत और त्वरित चरण-3 की रणनीति के तहत किया जाएगा.
45 से अधिक उम्र वालों का चलता रहेगा
वैक्सीनेशन
स्वास्थ्य कर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स और 45 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों के लिए टीकाकरण पहले की तरह सरकारी केंद्रों पर फ्री होता रहेगा; केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि एक मई से 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को टीका लगाने की अनुमति देने का फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में लिया गया. उन्होंने कहा कि भारत में रिकॉर्ड रफ्तार से टीकाकरण हो रहा है और हम इसे और अधिक रफ्तार से जारी रखेंगे.