
जिलाधिकारी डा. विभा चहल ने शहर में भ्रमण कर होम आइसालेशन की जानी हकीकत
एटा – एटा जिलाधिकारी डा. विभा चहल ने जनपद में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए लगातार मिल रही शिकायतों का कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने इस दौरान कन्टेनमेंट जॉन में अचानक पहुंचकर निरीक्षण किया, तो वहीं होमआइसोलेट मरीजों के बारे में जानकारी की। डीएम ने होमआइसोलेट मरीजों के परिवारीजनों को हिदायत दी कि होमआइसोलेट मरीज कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें। डीएम ने इस दौरान कोविड संक्रमित मरीज अनुराग, शिवम, अनन्त, आदित्य, पुनीत आदि के घर के समीप पहुंचकर उनसे वार्ता की। डीएम ने मौजूद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों को निर्देश दिए कि होम आइसालेट पोस्टर प्रत्येक मरीज के घर प्रथक-प्रथक चस्पा किया जाए, जिससे कि अन्य लोगों को पता चल सके।
फेसकवर मास्क के साथ घर से बाहर निकलें, सामाजिक दूरी का पालन सभी के लिए अनिवार्य डीएम ने कहा कि वर्तमान में कोरोना वायरस संक्रमण काफी तेजी के साथ फैल रहा है। कोरोना वायरस से बचाव हेतु जनपद में विशेष सतर्कता बरती जाए, इसके लिए आवश्यक है कि सभी के द्वारा मास्क का नियमित रूप से प्रयोग किया जाए तथा सामाजिक दूरी का भी शत-प्रतिशत अनुपालन किया जाए। मास्क पहनकर ही लोग बाहर निकले, मास्क ना पहनने वालों का चालान किया जाएगा।
शुक्रवार की रात्रि 8 बजे से सोमवार की प्रातः 7 बजे तक सम्पूर्ण जनपद में लागू रहेगा कोरोना कर्फ्यू
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए शुक्रवार की रात्रि 8 बजे से सोमवार की प्रातः 7 बजे तक कोरोना कर्फ्यू लगाया जायेगा। कोरोना कर्फ्यू के समय आवश्यक सेवाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, सफाई आदि से जुड़े हुये कर्मियों, ड्यूटी पर तैनात अधिकारी, कर्मचारी के अतिरिक्त कोई अन्य आवागमन की अनुमति नही होगी।
नगर पालिका द्वारा क्षेत्रों में प्रमुख बाजारों, भीड़ वाले स्थानों को कराया जाएगा सेनिटाइज डीएम ने निर्देश दिए कि जनपद की समस्त नगर पालिकाओं, नगरीय निकायों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में जनसामान्य को मास्क पहनने एवं दो गज की दूरी रखने हेतु जागरूक किया जाए। इसके अलावा प्रमुख बाजारों, भीड़ वाले स्थानों, अस्पतालों, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन आदि स्थानों को सेनिटाइज कराया जाए। स्वास्थ्य विभाग की मेडीकल टीम द्वारा कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग एवं सैम्पलिंग का कार्य एवं इम्युनिटी बढ़ाने हेतु दवाओं का वितरण सुविधानुसार किया जाए। एकीकृत कमाण्ड एवं कन्ट्रोल सेंटर के नम्बर 05742234320, 234327 एवं सीएमओ कन्ट्रोलरूम 05742233174 द्वारा नियमित रूप से कोविड संबंधी शिकायतों के निस्तारण पर जोर दिया जाए। सीएमओ कन्ट्रोलरूम पहुंचकर डीएम ने मौजूद कर्मचारियों से वार्ता कर स्थिति को चैक कर निर्देश दिए कि आने वाले कॉल के उपरान्त त्वरित कार्यवाही होनी चाहिए। कन्ट्रोलरूम को और अधिक सक्रिय किए जाने की आवश्यकता है।
डीएम ने कहा कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर से अपना भयंकर रूप ले लिया है। कोरोना संक्रमण के केसों की संख्या में लगातार बढ़ रही है। जिला प्रशासन द्वारा इसके लिए आवश्यक तैयारियां शुरू की गई है। नगर पालिका द्वारा कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए लोगों के घरों आदि स्थानों को सेनेटाइजेशन कराया जाए। इसके साथ ही कर्मचारियों द्वारा घर-घर जाकर लोगों को मास्क पहनने एवं सामाजिक दूरी का पालन करने हेतु प्रेरित भी किया जाए। डीएम ने शहर में भ्रमण के दौरान बिना मास्क लगाए घूम रहे लोगों, महिलाओं, बच्चों को मास्क लगाने के निर्देश दिए।
इस दौरान सीएमओ डा. अरविंद कुमार गर्ग, एसीएमओ डा. बीडी भिरौरिया, डिप्टी सीएमओ सतीश चन्द्र नागर, डा. अभिनव दुबे आदि मौजूद रहे।