
जनपद में 56 बूथों पर देर रात तक मतदान
एटा – त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत सोमवार को जिले में भी मतदान हुआ। जिले में कई बूथों पर रात तक मतदान होता रहा। कहीं पर मोमबत्ती की रोशनी में वोट डाले गए तो कहीं पर मोबाइल, हंडा की रोशनी में मतदान हुआ। धीमी प्रक्रिया से वोट डालने को लेकर मतदाता नाराज दिखे।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में देर रात मतदाता अपने मत का प्रयोग करते दिखे। कहीं बूथों पर एक्टिव कर्मी न होने के चलते देर रात वोटिंग होती रही। ग्राम पंचायत कासिमपुर के बूथ गांव बहादुरगढ़ में रात साढ़े आठ बजे मतदान होता रहा। मत का प्रयोग करने पहुंचे मतदाता मुनेन्द्र कुमार, कोमल यादव, अरविंद कुमार, सुधीर, सर्वेश आदि का रात में वोट डालने का नंबर आ पाया। मतदान केन्द्र के बाहर रात तक लंबी लाइन लगी रही तो वही छछैना ग्राम पंचायत में भी मतदाताओं की लंबी लाइन लगी रही। जिले में छह बजे के बाद 56 बूथों पर मतदान होता रहा। बूथों के बाहर देर रात मतदाताओं की लाइन लगी रही। बता दें कि चुनाव आयोग के नियम है छह बजे से पहले लाइन में जो मतदाता लग गया है उसको पीठासीन अधिकारी वोट पड़वाएंगे।