
*लखनऊ में रेलवे इंजीनियर के नौकर की हत्या का राजफाश, करोड़ों की नकदी समेत चार गिरफ्तार* लखनऊ, जेएनएन। कैंट के रफी अहमद किदवई मार्ग स्थित रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी में रेलवे में डिप्टी चीफ इंजीनियर (मध्य रेलवे चारबाग) पुनीत कुमार के घर में लूट और नौकर बृजमोहन की हत्या की वारदात का पुलिस ने राजफाश किया है। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से करोड़ाें रुपये बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपित बृजमोहन के परिचित थे। ढाई करोड़ रुपये लूटने के बाद सभी आपस में रकम का बंटवारा कर रहे थे। इसी दौरान रुपयों के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया था और आरोपितों ने बृजमोहन की हत्या कर दी थी। अब सवाल यह है कि रेलवे के इंजीनियर के घर में इतनी रकम कहां से आई थी। पुलिस इस दिशा में भी छानबीन कर रही है।