
चुनावी होली एक चुनौती, कड़े किए सुरक्षा प्रबंध
~गांवों में निकलने वाली चौपाइयों पर विशेष नजर होलिका दहन की जोरदार तैयारी~
एटा: ग्रामीण क्षेत्रों में इस बार चुनावी होली है। पंचायत चुनाव का वक्त है। लिहाजा पुलिस के समक्ष त्योहार शांतिपूर्वक निपटे इसकी भी बड़ी चुनौती है। होली के त्योहार के लिए सभी संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। वहीं दूसरी तरफ होलिका दहन की भी तैयारी है।
जनपद में परंपरागत रूप से 1889 स्थानों पर होलिका दहन होता है। शहर में 93 स्थानों पर होलिका दहन होगा। हर होली पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि जनपद को चार जोन और 21 सेक्टर में बांटकर पुलिस बल की ड्यूटियां लगाई गई हैं, जो गांव संवेदनशील हैं उनमें अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। इसके अलावा पुलिस की मोबाइल पार्टियां निरंतर गश्त करती रहेंगी। शहर में प्रत्येक चौराहे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। सुरक्षा की कमान प्रत्येक सर्किल में सीओ संभालेंगे। सभी थानाध्यक्षों को नवागत एसएसपी उदयशंकर सिंह ने निर्देश दिए हैं कि होली पर कहीं भी गड़बड़ी न होने पाए, शांति व्यवस्था के लिए जो खतरा उत्पन्न करे उसे गिरफ्तार कर लिया जाए। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में सभी थानाध्यक्षों से भ्रमण करने के लिए कहा गया है। अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बताया कि होली पर सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त किए गए हैं। सभी संवेदनशील गांवों व अन्य स्थानों पर पुलिस फोर्स की तैनाती की जा रही है।