
बाइक व ट्रैक्टर की टक्कर से दो की मौत
~अलीगंज अवागढ़ क्षेत्र में हुए हादसे आरोपित चालक मौके से भागे~
एटा: अलीगंज कोतवाली क्षेत्र में बाइक की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। वहीं अवागढ़ क्षेत्र में राहगीर को ट्रैक्टर ने रौंद दिया। अस्पताल ले जाते समय घायल ने दम तोड़ दिया।
सोमवार देर शाम अलीगंज कस्बा के मुहल्ला लुहारी दरवाजा निवासी 25 वर्षीय कुलदीप कुमार कायमगंज रोड स्थित ढाबे पर खाना लेने जा रहे थे। तभी रास्ते में बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से आगरा रेफर कर दिया गया। स्वजन ने बताया कि अवागढ़ कस्बा के समीप घायल की मौत हो गई। अलीगंज के इंस्पेक्टर एके सिंह ने बताया कि मृतक के भाई राजीव कुमार की तहरीर पर दुर्घटना की रिपोर्ट बाइक चालक फर्रुखाबाद जनपद के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के ग्राम मदनपुर निवासी संजू के खिलाफ दर्ज कर ली गई है।
दूसरी घटना ग्राम सरानी निवासी 26 वर्षीय ओमकार उर्फ रानू सोमवार शाम अवागढ़ कस्बा से पैदल गांव जा रहे थे। वह जैसे ही गदेसरा बंबा पुलिया के पास पहुंचे कि तभी ट्रैक्टर ने रौंद दिया, जिससे वह घायल हो गए। राहगीरों द्वारा जब तक घायल को अस्पताल भिजवाया जाता, तब तक उनकी मौत हो गई। अवागढ़ के इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार कुरील ने बताया कि मृतक के तहेरे भाई सुरेंद्र पाल की तहरीर पर रिपोर्ट ट्रैक्टर चालक के खिलाफ दर्ज कर ली गई है। आरोपित चालक की तलाश की जा रही है।