
यूपी : गुरु शिष्य रिश्ता हुआ कलंकित, शिक्षक ने दसवीं की छात्रा से बनाया संबंध
- छात्रा के गर्भवती होने पर खुला मामला
चंदौली में गुरु शिष्य रिश्ते को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। नौगढ चकरघट्टा थाना क्षेत्र के चमेरबांध गांव निवासी टीचर ने कोचिंग की दसवीं की छात्रा को शादी का झांसा देकर अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। छात्रा के गर्भवती होने पर उसका गर्भपात करा दिया। जानकारी होने पर लड़की पक्ष ने शादी करने का दबाव बनाया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। टीचर की गिरफ्तारी के लिए अब दबिश दी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक चमेरबांध गांव निवासी संजय यादव प्राइवेट कोचिंग (ट्यू्शन) पढाने का कार्य करता है। एक छात्रा यूपी बोर्ड परीक्षा हाईस्कूल की तैयारी के लिए कोचिंग पढ़ने आती थी। इसी अवधि में शिक्षक व शिष्या के बीच प्रेम प्रसंग बढ़ा तो वह गर्भवती हो गई। गर्भवती होने पर आरोपित ने सोनभद्र जिले के निजी चिकित्सालय में पांच दिन पूर्व उसका गर्भपात करा दिया। इसका पता चलने पर लड़की के परिवार वालों ने संजय यादव पर शादी करने का दबाव बनाया लेकिन उसने इनकार कर दिया।
इस बात को लेकर गांव में ही पंचायत भी हुई। बात न बनने पर पीड़िता के पिता ने चकरघट्टा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में प्रभारी थानाध्यक्ष भैरवनाथ यादव का कहना है कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।