
पहले नाली फलांगिए फिर पहुंचिए घर
~शहर के कटरा मुहल्ला की हालत खराब है। मकानों के दरवाजों के अन्दर~
संवाददाता, एटा : शहर के कटरा मुहल्ला की हालत खराब है। मकानों के दरवाजों के आगे नालियां ओवरफ्लो हैं, जिन्हें फलांगकर ही घर में घुसा जा सकता है। गलियां टूटी पड़ी हैं, हैंडपंप खराब हैं। लोग इतने परेशान हैं कि बार-बार शिकायतें करते हैं मगर समस्याओं का निराकरण नहीं किया जाता। यह स्थिति अब से नहीं कई साल से है।
हम आपके द्वार के तहत हमारी टीम रविवार को वार्ड 22 के कटरा मुहल्ला पहुंची तो वहां लोगों ने शिकायतों की झड़ी लगा दी। उनका कहना था कि यहां कुछ प्लाट ऐसे हैं, जिनमें पानी सड़कर दुर्गंध छोड़ रहा है। गंदगी की वजह से मच्छरों का भारी प्रकोप है, जिससे संक्रामक रोग फैलने का खतरा लोगों को लग रहा है। उनका कहना है कि कई बार अधिकारियों से शिकायत की गईं हैं लेकिन कोई सुनवाई न होने के कारण मुहल्लेवासी गुस्से में हैं। यहां की जो गलियां हैं उनमें अधिकांश टूटी-फूटी हैं। कहने को तो यहां इंटरलाकिग की गई थी, लेकिन सीवर की खोदाई के कारण गली ऊबड़-खाबड़ दिखाई दे रही हैं। कई जगह बिजली के तार काफी नीचे दिखाई देते हैं।