
शराब कांड : 50 फीसद विवेचना पूरी, मिल रहीं खामियां
~देहात कोतवाली में हुए शराब के गबन के मामले की विवेचना 50 फीसद पूर~
संवाददाता, एटा : देहात कोतवाली में हुए शराब के गबन के मामले की विवेचना 50 फीसद पूरी हो चुकी है। शराब का स्टाक कम मिला है, लेकिन अभी तक यह साफ नहीं है कि कुल कितनी पेटियां कम हैं। हालांकि एफआइआर में 1459 पेटियां गायब होना दर्ज हैं।
मामले की विवेचना कर रहे आइपीएस अधिकारी खैर,अलीगढ़ के अपर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने रविवार को देहात कोतवाली पहुंचकर दिनभर अभिलेख खंगाले। शराब का जो स्टाक मिला है उसका मिलान अभिलेखों से किया जा रहा है। विवेचना में यह भी देखा जा रहा है कि वर्ष 2018 और 2019 में दो बार बरामद की गई अवैध शराब का निस्तारण किया गया था। यह निस्तारण विधिक था या नहीं, इस बारे में भी अदालतों से जानकारियां जुटाई जा रही हैं। कोतवाली में तैनात कई पुलिस कर्मियों से भी पूछताछ की गई है। रविवार को दिन में एक-एक कर इन पुलिस कर्मियों को बुलाया गया और उनके बयान दर्ज किए गए। एएसपी खैर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि यह पता किया जा रहा है कि अगर शराब गायब है तो वह कहां गई, किसी माफिया को तो नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि कुछ खामियां मिल रही हैं, विवेचना पूरी होने के बाद पूरी तरह स्थिति स्पष्ट हो पाएगी