
होली का त्योहार, भाने लगा मंगल बाजार
एटा: होली का त्योहार नजदीक है। ऐसे में महंगाई से जूझ रहे लोगों को अभी से मंगल बाजार भा रहा है। विक्रेताओं को भी अच्छी दुकानदारी की आस है। त्योहार पूर्व मंगल बाजार भी होली की तैयारी और खरीददारी पर केंद्रित रहा।
यहां बता दें कि मुख्यालय पर प्रत्येक मंगलवार को मंगल बाजार सैकड़ों लोगों की रोजी-रोटी से जुड़ा है। पिछले महीने तक जहां यह बाजार सर्दी के मौसम से जुड़े कपड़ों और सामान से गुलजार था। वहीं इस बार मंगल बाजार पर होली के त्योहारों का रंग भी चढ़ता नजर आया। मंगल बाजार में जहां त्योहार के लिए सस्ते कपड़ों की जगह-जगह अस्थाई दुकानों की संख्या बढ़ती नजर आई। वहीं त्योहार पर घरों को सजाने के अलावा तैयार किए जाने वाले पकवान, चिप्स, नमकीन तथा गुजिया बनाने में प्रयुक्त होने वाले उपकरणों की बिक्री तेजी पर होते दिखी। विभिन्न प्रकार की खाद्य वस्तुएं भी बिक्री के लिए उपलब्ध है। त्योहारी मंगल बाजार में फिलहाल खास खरीदारी सस्ते कपड़ों को लेकर दिखी। विक्रेताओं का मानना था कि अगला बाजार पूरी तरह होली के रंग में रंगता नजर आएगा। होली के रंग, पिचकारी के अलावा खाद्य वस्तुओं की अस्थाई दुकानें भी सजाएंगे। फिलहाल महंगाई को देखते हुए निम्न तथा मध्यम वर्ग के लोग भी मंगल बाजार की ओर आकर्षित हो रहे हैं। विक्रेता असलम ने बताया कि होली के त्योहार को देखते हुए गर्मी के कपड़े सस्ती रेंज में उपलब्ध हैं, जिन्हें त्योहार के चलते लोग खरीद रहे हैं। अगले सप्ताह बाजार में होली के त्योहार से संबंधित और वस्तुएं सजी नजर आएंगी। राधेश्याम का कहना था कि उन्हें भी आस है कि मंगल बाजार त्योहार पर अच्छा लाभ देगा।