
भारतीय हॉकी टीम की जबर्दस्त वापसी, जर्मनी को 6-1 से करारी शिकस्त दी
युवा खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद के 1 मिनट के अंदर किये गये 2 गोल के साथ पूरी टीम की शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय हॉकी टीम ने कोरोना वायरस महामारी के कारण लंबे समय के बाद मैदान पर वापसी करते हुए क्रेफेल्ड में जर्मनी को 6-1 से करारी शिकस्त दी. भारत के लिए विवेक के 27वें और 28वें मिनट के अलावा, नीलकांत शर्मा ने 13 वें मिनट, ललित कुमार उपाध्याय ने 41 वें मिनट, आकाशदीप सिंह ने 42 वें मिनट और हरमनप्रीत सिंह ने 47 वें मिनट में गोल किये.
लंबे समय के बाद मैदान पर उतरी भारतीय टीम शुरू से आक्रामक खेल का सहारा लेकर अपने इरादे जाहिर कर दिये थे जिससे जर्मनी की टीम दबाव में आ गयी. भारत को आक्रामक खेल का फायदा पहले क्वार्टर के 13वें मिनट में मिला जब नीलकांत शर्मा ने पेनल्टी कार्नर को गोल में बदल कर टीम का खाता खोला. इसके अगले ही मिनट में हालांकि जर्मनी के कांटेस्टाइन स्टैब ने बराबरी का गोल दाग दिया.
दूसरे क्वार्टर की शुरुआत मेजबानों ने भारत पर दबाव बनाने के साथ लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए. भारतीय टीम ने हालांकि इसका शानदार बचाव करते हुए जवाबी हमला किया जिससे मिडफील्डर विवेक ने 27वें और 28वें मिनट में दो गोल दागे. जर्मनी ने तीसरे क्वार्टर में भी भारत पर दबाव बनाये रखा और टीम ने छह पेनल्टी कार्नर हासिल किये. कप्तान और गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने हांलाकि जर्मनी को गोल नहीं करने दिया.