महाराष्ट्र के यवतमाल में लगा शाम पांच बजे से सुबह नौ बजे तक कर्फ्यू, आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी


महाराष्ट्र के यवतमाल में लगा शाम पांच बजे से सुबह नौ बजे तक कर्फ्यू, आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी
मुंबई(महाराष्ट्र)
महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में शनिवार शाम पांच बजे से सोमवार सुबह नौ बजे तक कर्फ्यू लगाया गया है। इस दौरान आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी।शुक्रवार को यह जानकारी यवतमाल के कलेक्टर एम देवेंद्र सिंह ने दी। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर यवतमाल में कर्फ्यू बढ़ाया गया है। महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से सर्वाधिक नए मामले सामने आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में राज्य में कोरोना संक्रमण के 8,807 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, केरल में 4,106 और पंजाब में 558 नए मामले सामने आए हैं। कोरोना से मौतों के मामले भी महाराष्ट्र में सर्वाधिक दर्ज किए। 138 मामलों में 80 अकेले महाराष्ट्र से हैं।
इस बीच, महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामलों में बढ़ोतरी के मद्देनजर एक मार्च से मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में भगवान गणेश के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को पहले आनलाइन पंजीकरण कराना होगा। मंदिर की मुख्य कार्याधिकारी प्रियंका छापवाले ने बताया कि अगले महीने से आनलाइन पंजीकरण कराने वालों को ही दर्शन की अनुमति दी जाएगी और एक घंटे में मंदिर के अंदर 100 श्रद्धालुओं को ही जाने की इजाजत होगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में दर्शन के लिए पंजीकरण नहीं कराने वाले श्रद्धालुओं को मौके पर क्यूआर कोड दिए जाते हैं जिससे वे मंदिर में प्रवेश पाते हैं। लेकिन हमने एक मार्च से इस व्यवस्था को पूरी तरह रोकने का निर्णय किया है। अगले आदेश तक पहले से पंजीकरण नहीं कराने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा पहले से बुक क्यूआर कोड के साथ हर घंटे केवल 100 श्रद्धालुओं को ही सुबह सात बजे से रात नौ बजे के बीच दर्शन की अनुमति होगी। अंगारकी चतुर्थी (दो मार्च) के दिन सुबह आठ बजे से नौ बजे के बीच दर्शन की अनुमति होगी। सिद्धिविनायक मंदिर शहर के प्रभादेवी इलाके में स्थित है। कोरोना के कारण कई महीनों तक मंदिर बंद रहा था। पिछले साल नवंबर माह में इसे फिर से खोला गया है।
msnews network

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks