
एटा- थाना बागवाला पुलिस को मिली बड़ी सफलता, परिजनों के साथ मिल अपने ही अपहरण की झूठी साजिश रचने वाला अभियुक्त रमनलाल हरियाणा से बरामद, घटना का सफल अनावरण। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा श्री सुनील कुमार सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बागवाला क्षेत्र में अपने परिजनों के साथ खुद के ही अपहरण की झूठी साजिश रचने वाले अभियुक्त रमनपाल को हरियाणा से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है। घटनाक्रमानुसार थाना बागवाला निवासी रमनपाल उम्र करीब 32 वर्ष, जाति नाई जो अपने घर से 5 फरवरी 2021 की शाम करीब 5 बजे स्थानीय बाजार से चीनी खरीदने के लिए गया था और वापस नहीं आया। परिजनों की शिकायत पर अगले दिन थाना बागवाला पर गुमशुदगी पंजीकृत की गई। प्राथमिक जांच में उसका अपने गांव में उसकी ही जाति के भूतपूर्व सैनिक रहे एक व्यक्ति के साथ भूमि / संपत्ति का विवाद संज्ञान में आया। स्वाट/ सर्विलांस की मदद से गुमशुदा युवक की लोकेशन गुरुग्राम हरियाणा की तरफ पाई जा रही थी, साथ ही वह कुछ नए नंबर बदलकर अपने परिवार के सदस्यों के संपर्क में था। 23 फरवरी को अपहृत युवक के परिवार के लोगों ने उन लोगों पर जिनसे उनका जमीन/सम्पत्ति का विवाद चल रहा था पर आरोप लगाते हुए एक झूठी कहानी बनाई कि उन लोगों ने रमनपाल नाई का अपहरण कर लिया है और उसकी काली जैकेट तथा एक आधार कार्ड एक गेहूं के खेत में मिली है, और लगभग एक घंटे के भीतर एटा- फर्रूखाबाद रोड को जाम कर दिया और रमनपाल नाई को जिंदा या मुर्दा बरामद करने की मांग करने लगे। उन्होंने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई, जिनके साथ उनका पहले जमीन विवाद था। हालांकि पुलिस टीमों ने तीन नामजद अभियुक्तों को हिरासत में लिया था, लेकिन स्वाट / सर्विलांस / पुलिस टीमों ने दिनांक 24.02.2021 की रात्रि में अपहृत कहे जाने वाले युवक रमनपाल को जिला भिवानी, हरियाणा में एक मंदिर से बरामद कर लिया। उसने खुद स्वीकार किया है कि अपने अपहरण की कहानी उसने स्वयं अपने परिजनों के साथ मिलकर रची थी, इस अवधि के दौरान वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ लगातार संपर्क में था और अपने विरोधियों को जेल भेजने और विवादित भूमि पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा था। प्रकरण में झूठी कहानी बनाकर पुलिस को गुमराह करने तथा जानबूझकर राजमार्ग पर जाम लगाकर शांति व कानून व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में अभियुक्त रमनलाल सहित करीब 15-16 लोगों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर थानास्तर से आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।