
अफसर नहीं सुन रहे शिकायत तो डॉयल करें सीएम हेल्पलाइन 1076, योगी सरकार करेगी मदद
लखनऊ(उत्तरप्रदेश)
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक नई पहल शुरू की है जिसमें सीधा आम जनता से जुड़ने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है. उत्तर प्रदेश के हर सरकारी दफ्तर के बाहर अब एक ऐसा बोर्ड भी देखने को मिलेगा जिस पर लिखा होगा कि इस ऑफिस में आपकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है तो मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें. सीएम कार्यालय जनता की मदद करेगा. उत्तर प्रदेश के हर जिले, कस्बे और गांव में थाना, तहसील और सभी सरकारी ऑफिस के बाहर इस तरह का बोर्ड देखने को मिलेगा. अफसर अगर लोगों की शिकायत नहीं सुन रहे हैं या उन पर कार्रवाई नहीं की जा रही है तो लोग बेझिझक 1076 पर डॉयल करके सीएम से मदद मांग सकते हैं. सीएम योगी इस नई पहल के जरिए राज्य की जनता की हर समस्या का समाधान देने की इच्छा रखते हैं. सीएम योगी हेल्पलाइन पर आने वाली सभी शिकायतों का समाधान निकाला जाएगा और हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों के आधार पर फील्ड क्षेत्र में तैनात अफसर के काम का भी आकलन किया जाएगा. इससे पता चलेगा कि किस जगह किस अफसर ने जनता की मदद नहीं की है जिससे शिकायत सीएम तक पहुंची है. वहीं थानाध्यक्ष या तहसीलदार के काम से जनता संतुष्ट नहीं है तो इनके खिलाफ सुनिश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी.
लोकभवन में उच्चस्तरीय बैठक में सीएम योगी ने सरकारी दफ्तरों के बाहर सीएम हेल्पलाइन की जानकारी का बोर्ड लगवाने का आदेश दिया था. वहीं उन्होनें कहा था कि थाना और तहसील दोनों पर अगर किसी भी व्यक्ति की समस्या का समाधान नहीं हुआ है तो वह सीधे अपनी शिकायत सीएम हेल्पलाइन 1076 पर बता सकता है. वहीं इसके जिले के जिलाधिकारी, पुलिस कप्तान और थानेदार से जवाब मांगा जाएगा. सीएम हेल्पलाइन पर अगर फर्जी शिकायत दर्ज की गई तो उसपर सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए हैं.
Msnews network