
हत्या, बलात्कार के एक्सपर्ट हैं तो आपके खिलाफ नहीं होगी कार्रवाई, यूपी सरकार पर बरसे संजय सिंह, कहा योगी राज है जंगलराज
संजय सिंह का कहना था कि आंदोलनजीवी लोगों ने ही देश को आजाद कराने का काम किया था। पीएम नरेंद्र मोदी ने इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किसान आंदोलन के लिए किया, यह पूरी तरह से गलत है। इमरजेंसी के खिलाफ बीजेपी के लोगों ने ही आंदोलन किया था। उन्होंने मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि जब आप सत्ता में नहीं होते तो आंदोलनजीवी हो जाते हैं और सत्ता में आते ही जुमलाजीवी और भाषणजीवी हो जाते हैं।
नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह का आरोप है कि यूपी में जंगलराज कायम हो गया है। उन्होंने कानपुर के बिकरू कांड की याद दिलाते हुए कहा कि यूपी में अगर आप माफिया, गुंडे, बीजेपी के नेता हैं, हत्या, बलात्कार के एक्सपर्ट हैं तो आपके खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी। आप पुलिस वालों की भी हत्या कर सकते हैं। जिस प्रदेश के अंदर पुलिस सुरक्षित नहीं है, वहां जनता का क्या हाल है आप समझ सकते हैं।
संजय सिंह ने हाथरस कांड पर कहा, बच्ची को रात में ही जला दिया जाता है। अपनी नाकामी पर पर्दा डालने के लिए ही पुलिस रात में पीड़िता का अंतिम संस्कार करा देती है। माफियाओं को पुलिस पकड़ने जाती है तो पुलिस के जवानों को ही पीटा जाता है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ जी, आपसे उत्तर प्रदेश संभल नहीं पा रहा है। शराब माफिया की घटना साफ इशारा कर रही है कि योगी की सरकार फेल हो चुकी है।