नाली का विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, मारपीट में 2 दरोगा समेत पांच घायल

यूपी : कानून व्यवस्था ताक पर! नाली का विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, मारपीट में 2 दरोगा समेत पांच घायल

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में रविवार की शाम नाली के विवाद में झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस पर दबंगों ने हमला कर दिया। इस दौरान दो दरोगा समेत 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं, कंधई थाने के प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। जब हमले की जानकारी पाकर और पुलिस फोर्स पहुंची तो हालात पर काबू पाया गया। गांव में पुलिस फोर्स तैनात की गई है। आरोपियों की धरपकड़ जारी है।

यह पूरा मामला कंधई थाना क्षेत्र के शिवसत गांव का है। गांव निवासी जयहिंद सिंह और कोटेदार रामेंद्र सिंह उर्फ डॉक्टर के बीच लंबे समय से नाली के पानी निकासी को लेकर विवाद है। कई बार दोनों गुट आमने-सामने आ चुके हैं। रविवार शाम एक बार फिर दोनों परिवारों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसकी जानकारी पाकर थानाध्यक्ष पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे। दोनों पक्षों को शांत कराकर नाली विवाद सुलझाने लगे। इसी बीच रामेंद्र सिंह पक्ष के लोगों और पुलिस के बीच कहासुनी होने लगी।

बात बढ़ी तो रामेंद्र पक्ष के लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव और लाठी-डंडे से दौड़ा कर हमला बोला दिया। इस दौरान कंधई थाने में तैनात दरोगा शैलेन्द्र तिवारी, दिलीपपुर चौकी इंचार्ज जयशंकर तिवारी घायल हुए हैं। जबकि तीन सिपाहियों को भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलने ही कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ अफसर मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक कोटेदार रामेंद्र सिंह उर्फ डॉक्टर अपने साथियों के साथ गांव छोड़कर फरार हो चुका था। पुलिस पर हमला करने वाला रामेंद्र रानीगंज विधायक धीरज ओझा का करीबी है और उनके होटल पर मैनेजर भी बताया जा रहा है।

वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुरेंद्र द्विवेदी का कहना है कि नाली के विवाद को सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर दबंगो ने हमला किया। दो पुलिस कर्मी गंभीर रूप से जख्मी हैं। दबंगों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। उनके विरुद्ध मामला दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks